बदहाल सड़क के हालात को लेकर प्रशासन को गिफ्ट किए पौधे पर्यावरण संरक्षण का दिया सुझाव
नर्मदापुरम। जिला व संभाग मुख्यालय की अनेक जनहित से जुड़ी समस्याओं और सुविधाओं को लेकर श्री समपर्ण श्री संस्था द्वारा लगातार गांधीावादी तरीके से प्रमुख मुद्दों को उठाया जा रहा है। संस्था के पदाधिकारियों व सदस्यों का कहना है कि नर्मदापुरम नगर की सड़कों की स्थिति अत्यंत ही खराब हो चुकी है। अधिकांश मार्गों पर बड़े.बड़े गड्ढे हो गए हैं। जिससे आमजन को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से स्कूली बच्चे, वृद्धजन, तथा दोपहिया वाहन चालक दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं। मुख्यालय पर यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि सड़कों का निर्माण कार्य गुणवत्ता विहीन ढंग से किया जा रहा है। अक्सर देखा गया है कि नई बनी सड़कों की स्थिति कुछ ही महीनों में खराब हो जाती है। इसके पीछे निर्माण एजेंसी और संबंधित अधिकारियों की लापरवाही एवं भ्रष्टाचार की संभावनाओं से इनकार नहीं किया जा सकता। बिना गुणवत्ता परीक्षण के ठेकेदारों को भुगतान किया जाना एक गंभीर मामला है। जिसकी गंभीरता पूर्वक जांच होना चाहिए। तथा दोषियों पर कार्रवाई की जाना चाहिए। नागरिकों की सुविधाओं का ध्यान नहीं रखा जा रहा है।
नगर की जनता इस स्थिति से अत्यधिक पीड़ित है। संस्था के पदाधिकारियों ने सीधे कलेक्टर से निवेदन करते हुए कहा है कि स्वयं सड़कों की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करें। हमारी संस्था यह अपेक्षा करती है कि एक सप्ताह के भीतर सड़कों के सुधार की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएँ। ऐसा हमने आपसे आवेदन के रूप में पूर्व में भी कहा था इसके बावजूद भी आपके द्वारा नगर की जर्जर सड़कों की हालत में कोई सुधार हेतु कदम नहीं उठाया गया। अतः संस्था ने निर्णय लेकर प्रतीकात्मक रूप से आपको पौधे गिफ्ट कर अपेक्षा की है कि सड़कों की स्थिति में आपसे सुधार नहीं हो पा रहा है तो कम से कम जो गड्ढे उभर रहे हैं उनमें पौधे रोपण करें ताकि नगर में हरियाली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश हम दे सकें। पौधों के रूप में संकेत देना चाहते हैं। इसके बाद भी अगर नगर में सड़कों के लिए कदम नहीं उठाए गए तो उग्र प्रदर्शन होगा जिसकी जवाबदारी जिला प्रशासन की रहेगी। इस दौरान संस्था के स्वदेश सैनी, राज खिल्लारे, ललित मीना, अयान कुरेशी, दिव्यांश राजोरिया, अनुज सोनी, दीपक मांडरे, नितेश पाठक, गौरव धाकड़, अमित मीना, युवराज यादव, विशाल सोनी, गोलू सराठे उपस्थित रहे।






