सभी कलेक्टर्स सड़कों पर विचरण करने वाले निराश्रित पशुओं की समस्या का समुचित निदान करें – कमिश्‍नर कृष्ण गोपाल तिवारी

Join Us

सभी ओवरफ्लो पूल पूलियो और रपटों पर संकेतक लगाकर बैरिकेडिंग की जाए

पचमढ़ी में ट्रैफिक एवं लगातार बढ़ रहे वाहनों के जाम की स्थिति को नियंत्रित किया जाए

कमिश्‍नर ने वीडियो कांफ्रेंस में दिए निर्देश

नर्मदापुरम/ नर्मदापुरम संभाग कमिश्‍नर श्री कृष्ण गोपाल तिवारी ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नर्मदापुरम संभाग के हरदा बैतूल एवं नर्मदापुरम जिले के कलेक्टर को निर्देश दिए कि वह अपने-अपने जिले में सड़कों पर विचरण करने वाले एवं सड़कों पर बैठने वाले निराश्रित पशुओं से होने वाली समस्याओं का समुचित निदान करें। कमिश्‍नर ने निर्देश दिए कि निराश्रित पशुओं के पुनर्वास के लिए उन्हें नजदीक के गौशालाओं में स्थानांतरित किया जाए। कमिश्‍नर ने कहा कि नर्मदापुरम के बाबई एवं हरदा जिले के टिमरनी क्षेत्र में निराश्रित पशुओं के विचरण करने की एवं सड़कों पर बैठने की समस्याएं लगातार सामने दिखाई दे रही है। उन्होंने कलेक्टर्स को निर्देश दिए कि वह उक्त समस्याओं का प्राथमिकता से निदान करें। कमिश्‍नर ने सभी कलेक्टर को निर्देश दिए कि वह बारिश के दौरान लगातार अपने प्रशासनिक अमले को अलर्ट मोड पर रखें। नर्मदापुरम एवं हरदा में नर्मदा नदी एवं बैतूल में सापना जलाशय से बाढ़ की संभावना बन सकती है। इसको देखते हुए सभी बचाव के आवश्यक उपाय अभी से सुनिश्चित किए जाएं। कमिश्‍नर ने निर्देश दिए कि लगातार बारिश के दौरान यदि कहीं कोई दुर्घटना घट जाती है तो पीड़ित को तत्काल राहत राशि देना भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बारिश के दौरान डेंगू एवं मलेरिया जैसी बीमारी की रोकथाम के लिए भी सभी आवश्यक दवाईयां एवं उपकरण उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। कमिश्‍नर ने कहा कि बारिश के दौरान कोई जन हानी ना हो इसके लिए नर्मदा नदी के किनारे के रहने वाले लोगों को लगातार जागरूक किया जाए सभी ओवरफ्लो पूल पुलियों, रपटों पर संकेतक बोर्ड लगाए जाएं। वहां बैरिकेडिंग की जाए और चौकीदार की व्यवस्था भी की जाए। होमगार्ड की टीम पूरे समय सतर्क रहकर स्थिति पर नजर रखें। कमिश्‍नर ने निर्देश दिए की चिन्हित सभी जर्जर भवनों को डिस्मेंटल करने की कार्रवाई भी की जाए। कमिश्‍नर श्री तिवारी ने नर्मदापुरम कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना को निर्देश दिए की वह हिल स्टेशन पचमढ़ी में लगातार बढ़ रहे ट्रैफिक पर प्रभावी नियंत्रण के लिए कार्य योजना बनाएं। कमिश्‍नर ने कहा कि पचमढ़ी बस स्टैंड एवं पचमढ़ी के मार्गों पर लगातार वाहनों का जाम दिखाई दे रहा है। उन्होंने इन सब के लिए प्रभावी निराकरण करने के निर्देश दिए। कमिश्‍नर श्री तिवारी ने महादेव मंदिर जाने वाली सड़क की मरम्मत करने के भी निर्देश दिए। कमिश्‍नर ने ई ऑफिस सिस्टम के बेहतर क्रियान्वयन के लिए संभाग एवं जिला स्तर पर एनआईसी के किसी टेक्निकल व्यक्ति को नामांकित करने के निर्देश दिए। उन्होंने देहदान और अंगदान करने वाले नागरिकों के परिजनों को 15 अगस्त एवं 26 जनवरी को सम्मानित करने के निर्देश दिए। कमिश्‍नर ने कहा कि हृदय, लीवर एवं किडनी दान करने वाले व्यक्तियों के परिजनों को भी सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने सभी कलेक्टर्स को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने जिले में देहदान एवं अंगदान करने वाले नागरिकों के परिजनों को चिन्हित कर ले। कमिश्‍नर ने शिशु मृत्यु दर एवं मातृ मृत्यु दर तथा कुपोषण में सुधार की अदयतन स्थिति की समीक्षा की तथा जल जीवन मिशन योजना की प्रगति की समीक्षा की और निर्देश दिए की आगामी सप्ताह में हरदा बैतूल एवं नर्मदापुरम जिले में हर घर नल कनेक्शन में अपेक्षित प्रगति दिखे। उन्होंने राजस्व संग्रहण, राजस्व अभिलेख एवं आरसीएमएस पोर्टल पर रीडर एवं पीठासीन अधिकारी की आईडी पर लंबित प्रकरणो का समय सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए तथा निर्देश दिए की फसल गिरदावरी में श्री अन्न एवं उद्यानिकी फसलों की भी गिरदावरी की जाए। कमिश्‍नर श्री तिवारी ने आगामी सप्ताह में नागद्वारी एवं अन्य पर्व एवं त्योहार के मद्देनजर कानून एवं व्यवस्था की स्थिति चाक चौबंद रखने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए की किसानों को उर्वरक की कोई कमी ना हो और खाद वितरण भी व्यवस्थित रूप से किया जाए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान नर्मदापुरम कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना, बैतूल कलेक्टर श्री नरेंद्र सूर्यवंशी, हरदा कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन ऑनलाइन एवं उपायुक्त राजस्‍व श्री गणेश जायसवाल तथा संयुक्त आयुक्त विकास श्री जी सी दोहर ऑफलाइन उपस्थित रहे।

Previous articleमूंग उपार्जन को लेकर किसानों से ग्रेडिंग कर फसल लाने की अपील
Next articleआधिकारी आवंटित शालाओं, स्‍वास्‍थ केन्‍द्रों, आंगनवाडियों आदि शासकीय संस्‍थानों का नियमित निरीक्षण करें : कलेक्‍टर सोनिया मीना