15 जून से 30 जून तक जिले के 83 चिन्हित जनजातीय बाहुल्य ग्रामों में हुआ शिविरों का आयोजन
नर्मदापुरम/केंद्र सरकार की धरती आबा जनजातीय जनभागीदारी अभियान के तहत जिले में 15 जून से 30 जून 2025 तक ‘‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’’ के अंतर्गत विशेष शिविरों का आयोजन किया गया। कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना के निर्देशानुसार एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री सौजान सिंह रावत के मार्गदर्शन में जिले के चयनित 83 ग्रामों में इन शिविरों का संचालन सफलतापूर्वक किया गया। जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त श्री विवेक नागवंशी ने जानकारी देते हुए बताया कि इन शिविरों के माध्यम से जनजातीय समुदाय को विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का सीधा लाभ पहुँचाया गया। अब तक आयोजित शिविरों में कुल 2942 आधार कार्ड बनाए गए, 713 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए, 295 को जाति प्रमाण पत्र, 250 किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) जारी किए गए हैं। इसके अलावा 118 हितग्राहियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन, 194 को किसान सम्मान निधि, 179 को पीएम उज्ज्वला योजना, 357 को मनरेगा कार्ड, 77 को पीएम मातृवंदना योजना, 62 को राशन कार्ड, 11 को मिशन इंद्रधनुष और 10 हितग्राहियों को पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना के लाभ वितरित किए गए हैं।






