कलेक्टर ने की बंदियों के पुनर्वास व स्वरोजगार के लिए प्रशिक्षण व ऋण प्रकरणों की समीक्षा
नर्मदापुरम/केन्द्रीय जेल नर्मदापुरम से रिहा होने वाले एवं निकट भविष्य में सजा अवधि पूर्ण करने वाले बंदियों को प्रशिक्षण एवं स्वरोजगार योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से मंगलवार को समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना ने की। बैठक में रिहा बंदियों के स्वरोजगार हेतु प्रेषित ऋण प्रकरणों एवं परिरुद्ध बंदियों के कौशल विकास प्रशिक्षण की विभिन्न विभागों द्वारा विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रिहा बंदियों के ऋण प्रकरणों को बैंकों के माध्यम से शीघ्र स्वीकृत कराएं तथा लंबित प्रकरणों में त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने यह भी निर्देशित किया कि एक व्यक्ति को बहु-प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए, जिससे बंदी एक से अधिक रोजगारोन्मुख योजनाओं से लाभान्वित हो सकें। बैठक में बताया गया कि अब तक 2298 बंदियों/रिहा बंदियों को विभिन्न शासकीय विभागों एवं संस्थाओं के माध्यम से स्वरोजगार हेतु प्रशिक्षण दिया जा चुका है। जुलाई माह में 390 बंदियों को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें आईटीआई नर्मदापुरम द्वारा 50 बंदी, वन स्टॉप सेंटर नर्मदापुरम द्वारा 60 महिला बंदी, उद्यानिकी विभाग द्वारा अंजनी स्वसहायता समूह के माध्यम से महिला बंदी, तथा कृषि विभाग द्वारा प्राकृतिक खेती में प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इन प्रशिक्षणों में इलेक्ट्रिकल वायरिंग, मेहंदी डिज़ाइन, टमाटर सॉस, श्रीखंड, लस्सी, अचार, नमकीन निर्माण जैसी गतिविधियाँ शामिल हैं। वर्तमान में जेल की कुल परिरूद्ध बंदियों की संख्या का 96.99% बंदी प्रशिक्षित हो चुके हैं। कलेक्टर ने रिहा बंदियों को प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना (PMFME), राष्ट्रीय पशुधन मिशन, प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना जैसी योजनाओं में ऋण प्रकरणों का पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों के अधिकारी स्वयं प्रशिक्षण स्थलों पर उपस्थित रहकर बंदियों को योजनाओं की जानकारी दें। बैठक में केन्द्रीय जेल नर्मदापुरम में महिला बंदियों द्वारा संचालित प्रदेश के प्रथम महिला स्वसहायता समूह के कार्यों की भी जानकारी ली गई एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में सहायक जेल अधीक्षक हितेश बंडिया, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक सेन्ट्रल बैंक नर्मदापुरम श्री आर.डी. बघेला सहित अन्य शासकीय अधिकारी उपस्थित रहे।






