भोपाल(ए)। कोहेफिजा थाना इलाके में स्थित खानूगांव में एक नवविवाहिता के साथ घर में घुसकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। बताया गया है की आरोपी ने करीब तीन माह पूर्व पीडि़ता का अपहरण किया था। जिसकी शिकायत पिपलानी थाने में दर्ज कराई गई है, इस मामले में आरोपी फरार चल रहा है। फरारी के दौरान ही आरोपी महिला के घर जा धमका और अपहरण का प्रकरण वापस लेने का दबाव बनाया। जब नवविवाहिता ने शिकायत वापस लेने से इंकार किया तब आरोपी ने जमकर मारपीट की। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। थाना पुलिस के अनुसार खानूगांव कोहेफिजा में रहने वाली 24 वर्षीय नवविवाहिता ने बताया की वह मेहनत-मजदूरी का काम करती है। मिस्त्री का काम करने वाला आरोपी राजकुमार उर्फ संतोष बंसल निवासी दशहरा मैदान ने करीब तीन माह पूर्व उसका अपहरण कर लिया था। मामले की रिपोर्ट पिपलानी थाने में दर्ज कराई गई थी। इस प्रकरण में राजकुमार अब भी फरार चल रहा है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है। फरारी के दौरान ही बीती 23 जून की शाम करीब 4 बजे आरोपी राजकुमार उसके घर आ धमका। घर आते ही राजकुमार उर्फ संतोष ने महिला के साथ गाली-गलौज करनी शुरू कर दी। गालियां देते उसने कहा की कि अगर उसने उसके खिलाफ की गई शिकायत वापस नहीं ली तो जान से खत्म कर दूंगा। जब पीडि़ता ने इंकार करते हुए उसका विरोध किया तब आरोपी ने उसके साथ मारपीट कर डाली।








