नर्मदापुरम। मीठी स्वादिष्ट व रसीली जामुन की फसल की बाहर आई हुई है। ग्रामीण जन बता रहे हैं कि इस बार मौसम अनुकूल रहने से अच्छी फसल आई हुई है। बड़ी मात्रा में ग्रामीण क्षेत्र के किसान व अन्य लोग जामुन लेकर बेचने के लिए आ रहे हैं। अभी शुरूआत है इसलिए दाम अधिक हैं वर्तमान में 80 रुपये किलो के भाव बिक रही है। किसान बता रहे हैं कि आने वाले कुछ ही दिनों में 50 से 60 रुपये किलो के भाव हो जाएगी।
20-25 दिन की है फसल
काली-काली रसीली जामुन की फसल सिर्फ 20 से 25 दिन की ही रहती है। बहुत जल्दी पकने के साथ ही नीचे गिरती जाती है। बड़ी मात्रा में पेड़ के नीचे गिर जाती है। पकने के साथ ही खराब भी जल्दी हो जाती है। कई किसान अपने खेत व कृषि फार्म से जामुन लेकर शहर में बेचने के लिए आ रहे हैं। उन्हें अच्छे दाम भी मिल रहे हैं। जून के पहले या दूसरे सप्ताह से शुरू होकर आखरी सप्ताह तक फसल ही खत्म हो जाती है।
जिले का मौसम कई मौसमी फलों के लिए अनुकूल है। नर्मदा व तवा के तटीय क्षेत्रों के बगीचों में विभिन्न फलों के साथ जामुन की फसल भी अच्छी आती है। गांव.-गांव में जामुन के पेड़ बड़े शौक से लगाए जाते हैं। कई लोग इसे अपने बागानों में बहुत संख्या में लगाए हुए हैं। जामुन की डिमांड इस मौसम में हर क्षेत्र से होती है। डोंगरवाड़ा के किसान ब्रजेश मिश्रा ने बताया कि किसान एक बार जामुन का पौधा लगाता है तो चौथे वर्ष से फल आना शुरू हो जाता है।








