मप्र के कई जिलों में भारी बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात, नदी-नाले उफनाए…मुख्य सडक़ें कटी, कई गांव जलमग्न

Join Us

 ग्वालियर में रोड धंसी, शिवपुरी में ट्रैक्टर-ट्रॉली बही
भोपाल (ए)। मप्र के कई जिलों में भारी बारिश के कारण आई बाढ़ ने कहर मचा दिया है। लगातार हो रही बारिश से नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। नतीजा यह हुआ कि पानी कई गांवों में घुस गया है। कई जगह मुख्य सडक़ें कट गई है, कई गांव जलमग्न हो गए हैं। शिवपुरी के कुंअरपुर गांव के पास उफनती पुलिया पार कर रहा ट्रैक्टर बह गया। वहां मौजूद ग्रामीणों ने ट्रैक्टर में सवार चारों लोगों को बचा लिया है। धार जिले के मांडू की खुद नदी में एक युवक की डूबने से मौत हो गई। ग्वालियर में बारिश के कारण रोड धंस गई, जिससे एक तलघर ढह गया। आसपास के मकानों में दरारें आ गईं। श्योपुर में खिरखिरी नदी उफान पर आ गई, जिससे कई गांवों का संपर्क टूट गया।सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया कि वर्तमान में लो प्रेशर एरिया, तीन साइक्लोनिक सर्कुलेशन और दो ट्रफ की एक्टिविटी है। एक ट्रफ प्रदेश के पास से गुजर रही है। इन वजहों से प्रदेश में तेज बारिश का दौर जारी है। श्योपुर के कराहल में बीती रात से बारिश जारी है, इससे खिरखिरी नदी उफान पर आ गई है। पुलिया पर पानी आने से 6 से ज्यादा गांव का संपर्क टूट गया है।
बहे लोगों को ग्रामीणों ने बचाया
शिवपुरी जिले के कुंअरपुरा गांव में नदी में बही ट्रैक्टर-ट्रॉली में 4 लोग सवार थे। पटेवरी गांव के रहने वाले विनोद आदिवासी, विमल आदिवासी, पूरन आदिवासी और एक ट्रैक्टर चालक मिट्टी से भरी ट्रॉली लेकर शिवपुरी की ओर जा रहे थे। सभी को ग्रामीणों ने बचा लिया है। जबलपुर में सुबह 11 बजे से रिमझिम हो रही है। हालांकि मानसून की दस्तक के बाद शहर में कहीं भी तेज बारिश दर्ज नहीं की गई है। अशोकनगर में शुक्रवार सुबह 7 बजे से बारिश शुरू हुई जो दोपहर 12 बजे के बाद भी जारी है। लगातार पानी गिरने से छोटे नाले भर गए हैं। बीते 24 घंटे में 31 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। पन्ना जिले में मानसून के दस्तक देते ही बारिश का दौर शुरू हो गया। लोगों ने छाते निकाल लिए हैं। बीते 24 घंटे में यहां 2.01 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
रोड धंसी
ग्वालियर में गुरुवार रात बारिश के कारण रोड धंसने से एक तलघर ढह गया। आसपास के मकानों में भी दरार आ गई। रायसेन में रातभर बारिश जारी रही, जो गुरुवार रात 8 बजे से शुरू हुई तो सुबह तक जारी है। नर्मदापुरम में गुरुवार रात 12 बजे से शुरू हुई सुबह 6 बजे तक चली। करीब 6 घंटे पानी गिरा। ग्रामीण अंचलों में भी तेज बारिश हुई। मानसून आने के बाद पहली बार है जब 6 घंटे लगातार पानी गिरा। 24 घंटे में यहां 2 इंच बारिश दर्ज की गई। छिंदवाड़ा में सुबह से बारिश का दौर जारी है। गुरुवार शाम भी तेज पानी गिरा था, जिसके बाद रात को कुछ समय के लिए बारिश रुकी। फिर शुक्रवार सुबह से लगातार बारिश का सिलसिला जारी है। नरसिंहपुर जिले में शुक्रवार तडक़े करीब 5 बजे से झमाझम बारिश का दौर जारी है। लंबे समय से गर्मी और उमस से परेशान लोगों को राहत मिली है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, आज का अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री मापा गया है।

 

Previous articleअमित शाह को राहुल गांधी का जवाब, कहा-अंग्रेजी शर्म नहीं शक्ति है
Next articleपीएम मोदी के संग रिकॉर्ड पांच लाख लोग करेंगे योगासन