भोपाल(आरएनएस)। मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। मौसम विभाग के अनुसार, लंबे समय से सुस्त पड़े दक्षिण-पश्चिमी मानसून के 14 जून से दोबारा सक्रिय होने की संभावना बन रही है। मौसम की वर्तमान स्थितियां अनुकूल बनी रहीं, तो 15 जून को मानसून प्रदेश में मंडला और बालाघाट के रास्ते दस्तक दे सकता है।
तापमान 44 डिग्री के पार
मंगलवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में गर्मी अपने चरम पर रही। नौगांव में अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा।
रतलाम और धार जिलों में लू का प्रभाव बना रहा। मौसम विभाग ने गुरुवार को भी कुछ स्थानों पर लू चलने की चेतावनी जारी की है। वहीं जबलपुर, नर्मदापुरम और इंदौर संभाग के जिलों में बारिश की संभावना भी जताई गई है। 10 दिन से ठहरा हुआ है मानसून
मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी अभिजीत चक्रवर्ती ने बताया कि मानसून की उत्तरी सीमा अभी मुंबई, अहिल्यानगर, आदिलाबाद, भवानीपटना, पुरी और बालुरघाट से होकर गुजर रही है। पिछले 10 दिनों से मानसून स्थिर बना हुआ था, लेकिन अब इसके आगे बढऩे के लिए परिस्थितियां धीरे-धीरे अनुकूल हो रही हैं। उत्तर-पूर्व राजस्थान और पूर्वी उत्तर प्रदेश में हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात बने हुए हैं। इसके अलावा मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ से होते हुए बंगाल की खाड़ी तक एक द्रोणिका (ट्रफ लाइन) सक्रिय है।
मौसम विशेषज्ञ के अनुसार बंगाल की खाड़ी में उत्तरी ओडिशा के ऊपर बने चक्रवात के कम दबाव क्षेत्र में परिवर्तित होकर पश्चिम की ओर बढऩे की संभावना है। इसके अतिरिक्त तमिलनाडु पर शियर जोन भी बना हुआ है। इन सभी मौसमी प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से मानसून के सक्रिय होने के आसार बढ़ गए हैं।








