भोपाल (आरएनएस)। साइबर ठगों ने अब सीधे-सादे लोगों को लूटने के लिए नया तरीका निकाला है। भोपाल के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के कार्यपालक निदेशक प्रोफेसर (डॉ.) अजय सिंह की फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाकर लोगों से पैसे मांगने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद एम्स भोपाल ने तुरंत एक अलर्ट जारी किया है और आम जनता को ऐसे फ्रॉड से सावधान रहने की अपील की है।जानकारी के अनुसार बीते 24 घंटे में 3 फर्जी फेसबुक आईडी बनाई गई हैं। पहले लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी जा रही है। इसके बाद उनसे अलग-अलग बहाने से पैसे की डिमांड की जा रही है।
एम्स भोपाल द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया है कि आजकल साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, खासकर सोशल मीडिया के जरिए होने वाली ठगी। असामाजिक तत्व फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल बनाकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं और उनसे पैसे मांग रहे हैं। ऐसे ही गलत उद्देश्य वाले लोगों द्वारा एम्स के निदेशक की बार-बार फेक आईडी बनाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि साइबर सुरक्षा अब सिर्फ तकनीकी समस्या नहीं है, बल्कि यह हर नागरिक की जिम्मेदारी बन चुकी है। आम लोग सोशल मीडिया पर किसी भी संदिग्ध प्रोफाइल से सतर्क रहें और बिना पूरी जांच-पड़ताल किए किसी भी तरह का पैसों का लेन-देन न करें। ठग सिर्फ पैसों के लिए ही नहीं, बल्कि भावनात्मक और सामाजिक रिश्तों का भी गलत फायदा उठा रहे हैं। किसी भी प्रोफाइल पर तब तक विश्वास न करें, जब तक उसकी सच्चाई की पुष्टि न हो जाए।








