– सर्च ऑपरेशन जारी, 1500 से ज्यादा पर्यटक फंसे
गंगटोक(ए)। पूर्वोत्तर भारत के सिक्किम राज्य में रविवार शाम एक बड़ा हादसा हुआ। उत्तरी सिक्किम के चट्टन क्षेत्र में स्थित आर्मी कैंप पर हुए भूस्खलन में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि भारतीय सेना के नौ जवान अब भी लापता बताए गए हैं। हादसा 01 जून की शाम लगभग 7 बजे हुआ। मृतकों की अब तक पहचान नहीं हो पाई है। लापता जवानों की तलाश के लिए राहत एवं बचाव दल युद्धस्तर पर अभियान चला रहे हैं।भूस्खलन इतना तीव्र था कि आसपास के कई घर भी इसकी चपेट में आ गए। सेना और प्रशासन के संयुक्त प्रयास से मलबे में दबे लोगों को निकालने का कार्य जारी है। उत्तर सिक्किम में भारी बारिश और भूस्खलन के चलते लोचन और लाचुंग क्षेत्रों में लगभग 1,500 पर्यटक फंस गए। मंगन जिले के एसपी सोनम देचू भूटिया के अनुसार, लाचेन में 115 और लाचुंग में 1,350 पर्यटक अलग-अलग होटलों और गेस्टहाउसों में ठहरे हुए हैं। राहत की बात यह है कि लाचुंग के लिए सडक़ संपर्क बहाल कर दिया गया है, और आज से पर्यटकों की निकासी शुरू की जा रही है।सीमा सडक़ संगठन (बीआरओ) ने लाचुंग-चुंगथंग-शिपग्येरे-शंकलांग-डिकचू रोड पर जमा मलबा हटाकर रास्ता साफ किया है। सस्पेंशन ब्रिज पर आई दरारों को भर दिया गया है, जिससे राहत कार्य में तेजी आई है।








