नई दिल्ली,(आरएनएस)। असम पुलिस पर लगे 171 कथित फर्जी एनकाउंटर के मामलों पर देश की शीर्ष अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस एन कोटिश्वर सिंह की बेंच ने इस मामले को गंभीर मानते हुए निष्पक्ष और गहन जांच के आदेश दिए हैं। अदालत ने असम मानवाधिकार आयोग को निर्देश दिया कि वह पीडि़त परिवारों से संपर्क के लिए सार्वजनिक नोटिस जारी करे। कोर्ट ने कहा, यह आरोप कि कुछ घटनाएं फर्जी एनकाउंटर हो सकती हैं, यह बेहद गंभीर हैं और अगर साबित हो जाता है तो ये संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत जीवन के अधिकार का उल्लंघन माने जाएंगे। हालांकि यह भी उतना ही संभव है कि निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच के बाद कुछ मामले कानूनन उचित और जरूरी पाए जाएं। सुप्रीम कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि हर मामले को स्वतंत्र रूप से देखा जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई निर्दोष मारा गया हो तो उसके लिए जवाबदेही तय हो सके। बता दें कि, असम पुलिस पर साल 2021 से 2022 के बीच कुल 171 फर्जी एनकाउंटर करने का आरोप लगा है।








