दिल्ली में कोविड-19 के 23 मामले सामने आए, अस्पतालों के लिए परामर्श जारी

Join Us

नई दिल्ली (ए.)। राष्ट्रीय राजधानी में कोविड-19 के 23 मामले सामने आये हैं। संक्रमण के मामलों के मद्देनजर दिल्ली सरकार ने सभी अस्पतालों को बिस्तरों, ऑक्सीजन, दवाइयों और टीकों की उपलब्धता के लिए तैयार रहने को लेकर परामर्श जारी किया है। यह पहली बार है जब दिल्ली में लगभग तीन वर्षों के बाद कोविड-19 के मामले सामने आए हैं। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज सिंह ने शुक्रवार को कहा कि बृहस्पतिवार तक कोविड-19 के 23 मामले सामने आए हैं और सरकार मरीजों के दिल्ली के निवासी होने या उनके शहर से बाहर की यात्रा करने को लेकर जानकारी जुटा रही है। सिंह ने एक बयान में कहा, ‘‘दिल्ली सरकार किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। हमने राजधानी के सभी अस्पतालों के चिकित्सा अधीक्षकों, चिकित्सकों और उनकी टीम के साथ पहले ही समन्वय कर लिया है। बयान में कहा गया है कि तैयारियों के संदर्भ में अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट पर रखा गया है तथा त्वरित प्रतिक्रिया और देखभाल सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक संसाधन जुटाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा है और जनता को समय पर जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इससे पहले, स्वास्थ्य विभाग ने कोविड-19 की तैयारियों के संबंध में दिल्ली सरकार के सभी अस्पतालों को एक परामर्श जारी किया था। इस बीच, स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को दिल्ली सरकार के सभी अस्पतालों को कोविड-19 की तैयारियों के बारे में एक परामर्श जारी किया। यह परामर्श कई राज्यों में कोविड के मामले सामने आने के बाद जारी किया गया है। सरकार ने स्वास्थ्य संस्थानों से जीनोम अनुक्रमण के लिए सभी सकारात्मक नमूने लोक नायक अस्पताल भेजने को कहा है। इसमें कहा गया है, ‘‘अस्पतालों को बिस्तर, ऑक्सीजन, एंटीबायोटिक्स, अन्य दवाओं और टीके की उपलब्धता के मामले में तैयारी सुनिश्चित करनी चाहिए।

Previous articleभाजपा के चलते हरियाणा से पलायन कर रहे उद्योग : हुड्डा
Next articleमानसून ने केरल में 16 वर्षों में पहली बार समय से पहले दी दस्तक, दक्षिण भारत में भारी बारिश की चेतावनी