नर्मदापुरम/जिला प्रशासन नर्मदापुरम एवं सिविल डिफेन्स संगठन के संयुक्त तत्वावधान में आज गुरूवार को नागरिक सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने तथा आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने हेतु एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत जिला मुख्यालय स्थित होमगार्ड लाइन प्रशिक्षण केंद्र पर 50 सिविल डिफेन्स वॉलेंटियर्स, तथा तहसील माखननगर के नगरपालिका भवन में 70 वॉलेंटियर्स, कुल मिलाकर 120 स्वयंसेवकों को नागरिक सुरक्षा का सैद्धांतिक एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। साथ ही अनुभाग सोहागपुर के 60 कोटवारों को भी इस प्रशिक्षण में सम्मिलित किया गया। प्रशिक्षण कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना के निर्देशानुसार संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम में SDERF (State Disaster Emergency Response Force) के प्रभारी अधिकारी एवं विषय विशेषज्ञ श्री शिवराज चौधरी एवं उनकी टीम द्वारा प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण सत्र में वॉलेंटियर्स एवं कोटवारों को निम्नलिखित विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई:
- हवाई हमलों के दौरान सुरक्षा उपाय
- प्राथमिक उपचार (First Aid) की मूलभूत विधियाँ
- अग्निशमन प्रक्रिया एवं आपदा के समय सुरक्षित निकासी
- हवाई हमलों के दौरान सावधानियाँ, ब्लैकआउट एवं सामूहिक राहत और बचाव प्रबंधन
- नागरिकों को जागरूक करने की रणनीतियाँ
साथ ही, एक व्यावहारिक प्रदर्शन (डेमोंस्ट्रेशन) के माध्यम से वास्तविक आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं का अभ्यास भी कराया गया, जिससे प्रशिक्षण प्राप्त करने वालों में आत्मविश्वास का विकास हुआ।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला सेनानी श्री राजेश जैन, CMO माखननगर, भूतपूर्व जिला सेनानी श्री एम. के. हनोतिया, PCV श्री राधाचरण शर्मा, तथा हवलदार श्री रामनाथ की सक्रिय सहभागिता रही। इन्होंने अपने अनुभव एवं मार्गदर्शन से प्रतिभागियों को दिशा-निर्देश प्रदान किए।
यह प्रशिक्षण न केवल आपदा प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करता है, बल्कि समाज में नागरिक सुरक्षा के प्रति जागरूकता एवं सहभागिता को भी प्रोत्साहित करता है।
भविष्य में भी जिला प्रशासन द्वारा इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन जारी रखा जाएगा, जिससे नागरिकों को सजग एवं सक्षम बनाया जा सके।






