अस्पताल के एनआरसी वार्ड को मिला वाटर कूलर
नर्मदापुरम/ जिला अस्पता परिसर स्थित एनआरसी वार्ड को बुधवार को होटल वाटिका पैलेस, नर्मदापुरम द्वारा एक वाटर कूलर भेंट किया गया। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर एवं स्वास्थ्य प्रभारी डॉ. बबीता राठौर द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना कर वाटर कूलर का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. सुनीता कामले, आरएमओ डॉ. संजय पुरोहित, अस्पताल प्रबंधक अलका इंदौरकर, रोशनी प्रजापति, होटल वाटिका के मैनेजर एवं स्टाफ सहित जिला अस्पताल के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। लोकार्पण उपरांत डॉ. बबीता राठौर ने अस्पताल की किचन का निरीक्षण किया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता का परीक्षण करते हुए भोजन चखा और संतोषजनक व्यवस्था पर आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया और मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश अस्पताल प्रशासन को दिए।






