नर्मदापुरम/ मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद, नर्मदापुरम द्वारा संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत विकासखंड पिपरिया के ग्राम बनवारी में जल संरक्षण को लेकर ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति बनवारी द्वारा श्रमदान के माध्यम से गांव में सोख्ते गड्ढे का निर्माण किया गया, जिससे वर्षा जल को संरक्षित करने में मदद मिलेगी। इस पहल के साथ ही ग्राम में एक रैली भी निकाली गई, जिसमें ग्रामीणों को जल संरक्षण एवं संवर्धन के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। रैली के माध्यम से जल बचाने के संदेश को जन-जन तक पहुँचाया गया। इस अवसर पर ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति बनवारी के अध्यक्ष श्री खूबचंद रघुवंशी सहित समिति के अनेक कार्यकर्ता एवं ग्रामीण जन उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर यह संकल्प लिया कि जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाकर आने वाली पीढ़ियों के लिए जल-संरक्षित भविष्य सुनिश्चित करेंगे।






