भारत ने पाकिस्तान पर दागीं 24 मिसाइलें,100 से ज्यादा आतंकी ढेर

Join Us

 जैश-लश्कर के हेडक्वार्टर तबाह
इस्लामाबाद, (आरएनएस)। पहलगाम हमले का बदला भारत ने पाकिस्तान और पीओके में एयर स्ट्राइक से लिया है। भारतीय सेना ने नौ आतंकी ठिकानों पर ऑपरेशन सिंदूर को सफलता पूर्वक अंजाम दिया है। भारत ने पाकिस्तान पर 24 मिसाइलें दागीं। इस एयरस्ट्राइक में 100 से ज्यादा आतंकी ढेर हो गए हैं। पीएम नरेंद्र मोदी लगातार इस पूरी सैन्य कार्रवाई पर नजर रखे हुए हैं। भारत ने ठीक 15 दिन बाद पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया है। हमले के लिए जिम्मेदार समूहों जैश-लश्कर के हेडक्वार्टर तबाह हो गए हैं। भारत सरकार ने पुष्टि की है कि सभी नौ ठिकानों पर सफलतापूर्वक हमला किया गया, जिससे पाकिस्तान में कोई भी नागरिक या सैन्य ढांचा प्रभावित नहीं हुआ। यह हमला 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के जवाब में भारत की कार्रवाई का हिस्सा था, जिसमें जम्मू-कश्मीर में 25 भारतीय और एक नेपाली नागरिक की जान चली गई थी। यह ऑपरेशन भारत द्वारा यह सुनिश्चित करने के लिए एक सुनियोजित कदम था कि हमले के लिए जि़म्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया जाए, जबकि आगे की स्थिति से बचने के लिए संयम बनाए रखा गया।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ रात भर ऑपरेशन की प्रगति पर बारीकी से नजर रखी। सूत्रों ने पुष्टि की कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों और सैन्य कमांडरों के साथ लगातार संपर्क में थे, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि अभियान योजना के अनुसार आगे बढ़े। प्रधानमंत्री की सक्रिय भागीदारी ने मिशन के महत्व और आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को उजागर किया। भारतीय सेना के प्रवक्ता ने पुष्टि की कि हमले केंद्रित, मापे गए थे।लक्ष्य, जिन्हें ज्ञात आतंकी शिविर और बुनियादी ढांचे के रूप में पहचाना गया था, पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में स्थित थे। सेना के बयान में इस बात पर जोर दिया गया कि किसी भी पाकिस्तानी नागरिक, सैन्य या आर्थिक बुनियादी ढांचे को नुकसान नहीं पहुंचाया गया, जो लक्षित आतंकवाद विरोधी प्रयासों के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।भारतीय सेना के प्रवक्ता ने कहा, हमारी कार्रवाई केंद्रित और सटीक रही है। हमने केवल उन आतंकवादी शिविरों को निशाना बनाया है, जहां से भारत के खिलाफ हमलों की योजना बनाई गई और उन्हें अंजाम दिया गया। उन्होंने कहा कि न्याय हुआ।
हमले में आतंकी मसूद अजहर का पूरा परिवार खत्म
भारतीय सेना ने पहलगाम आतंकी हमले का बदला ले लिया है। भारत ने मंगलवार देर रात ‘आपरेशन सिंदूर’ लांच करते हुए 1 बजकर पांच मिनट से लेकर 1 बजकर 30 मिनट तक पाकिस्तान में ताबड़तोड़ एयर स्ट्राइक की। इस हमले में अब तक 100 से अधिक आतंकियों की मौत हो गई। इसी बीच मसूद अजहर को लेकर खबर सामने आ रही है।सूत्रों के अनुसार भारतीय सेना की एयर स्ट्राइक में जैश-ए-मोहम्मद के प्रमुख आतंकवादी मसूद अजहर का पूरा परिवार मारा गया है। पाकिस्तान मीडिया के मुताबिक, भारत ने मसूद अजहर के घर पर हमला किया है, जिसमें 10 लोगों की मौत हुई है। यह बात मसूद अजहर ने कबूली है। रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय सीमा से 100 किमी दूर पर स्थित मसूद अजहर के घर बहाबलपुर में रात के करीब 1.30 बजे भारतीय सेना ने स्ट्राइक किया। इस स्ट्राइक में मसूद के उस ठिकाने पर बम गिराए गए, जहां उसका पूरा परिवार सोया था। रिपोर्ट में कहा गया है कि बम गिरते ही परिवार के 10 लोग ढेर हो गए। हालांकि, हमले के वक्त घर पर मसूद अजहर मौजूद नहीं था।

 

Previous articleभारत की एयर स्ट्राइक के बाद इस्लामाबाद में स्कूल-कॉलेज बंद, आदेश जारी
Next articleऑपरेशन सिंदूर : कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने पाकिस्तान को सबूत के साथ दिखाई औकात