अंतर्राज्यीय ट्रांसमिशन लाइन में टावरों का मॉडिफिकेशन और शिफ्टिंग कार्य पूर्ण – ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर

Join Us

 79 लाख की लागत से स्थापित किए गए छह विशेष तकनीक के टावर;-

जबलपुर। मध्यप्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने जानकारी दी है कि वर्ष 2021 में आई विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित श्योपुर जिले के सीप नदी क्षेत्र में अंतर्राज्यीय 132 केवी श्योपुर–सबलगढ़ टेप–खंदार (राजस्थान) डबल सर्किट ट्रांसमिशन लाइन में टावरों के संशोधन एवं स्थानांतरण का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है।

यह कार्य विद्युत पारेषण व्यवस्था को बाढ़ जैसी आपदाओं में भी सुदृढ़ और सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से किया गया। इसके तहत पुराने टावरों के फाउंडेशन को विशेष आधुनिक तकनीक से पुनर्निर्मित किया गया, तथा कुछ टावरों को नदी के समीप सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित कर नये टावर लगाये हैं।

79 लाख रुपये की लागत से हुआ निर्माण:-
ऊर्जा मंत्री ने बताया कि इस कार्य में 79 लाख रुपये की लागत आई है। मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) द्वारा बनाए गए छह नए टावर विशेष डिज़ाइन के फाउंडेशन पर आधारित हैं, जो भविष्य में बाढ़ जैसी आपदाओं का प्रभाव सहन करने में सक्षम होंगे।

श्री तोमर ने कहा कि यह परियोजना न केवल राज्य की विद्युत प्रणाली को सशक्त बनाएगी, बल्कि आपदा प्रबंधन और आधारभूत ढांचे की मजबूती का भी प्रमाण है। उन्होंने एमपी ट्रांसको के प्रयासों की सराहना की।

ऊँचाई में वृद्धि और विशेष तकनीक का उपयोग:-
एमपी ट्रांसको, ग्वालियर के अधीक्षण अभियंता श्री अरविंद शर्मा ने बताया कि वर्ष 2021 में बाढ़ और डैम ओवरफ्लो के कारण 132 केवी शिवपुरी–सबलगढ़ टेप–खंदार ट्रांसमिशन लाइन के छह टावर क्षतिग्रस्त हो गए थे, जिससे विद्युत आपूर्ति बाधित हुई थी और अंतर्राज्यीय विद्युत का आदान-प्रदान भी प्रभावित हुआ था। एम पी ट्रांसको द्वारा भविष्य में ऐसी समस्याओं से बचाव हेतु स्पेशल ओपन कास्ट फाउंडेशन तकनीक का उपयोग करते हुए टावरों का पुनर्निर्माण, संशोधन और स्थानांतरण किया गया है।

श्री शर्मा ने यह भी बताया कि सीप नदी के जलभराव की आशंका को देखते हुए तहसील मानपुर के ग्राम कोटरा क्षेत्र में टावरों की ऊँचाई बढ़ाई गई है। साथ ही, नदी के कटाव से सुरक्षा के लिए कुछ टावरों को नए स्थानों पर स्थापित किया गया है। इससे ट्रांसमिशन लाइन की स्थिरता और विद्युत आपूर्ति की निरंतरता सुनिश्चित हो सकेगी।

Previous articleरेलवे नूरी मस्जिद शहडोल में छात्रों का इज्तिमा आज दीन-दुनिया की कामयाबी का दिया जाएगा दर्स तालिब हुसैन शहडोल. दीन की ख़िदमत के लिए समर्पित दावत-ए-इस्लामी ने अब छात्रों को दीन से जोड़ने की मुहिम तेज़ कर दी है, जिसके तहत अब स्टूडेन्ट इज्तिमा आयोजित किए जा रहे हैं. इसी मुहिम को आगे बढ़ाते हुए गुरूवार 8 मई को शहडोल की रेलवे नूरी मस्जिद में रात नौ बजे से छात्रों का इज्तिमा होगी. आर्गनाईज़र कमेटी के क़ौसर अंसारी ने बताया कि दावत-ए-इस्लामी के आलिम हज़रात छात्रों को इस बात के लिए प्रेरित करेंगे कि पढ़ाई व जाॅब की व्यस्तता के बीच किस तरह दीन के लिए वक्त निकाल कर पाबंदी के साथ नमाज़, तिलावत और दीगर नेक काम किए जा सकते हैं. इस दौरान हज़रत उस्मान अत्तारी, मुहम्मद शोएब, हाफ़िज़ कलीम अशरफ़, नूर आलम आदि छात्रों को दीन व दुनिया की कामयाबी के लिए दर्स देंगे. इज्तिमा में हल्क-ए-ज़िक्र, न्याज़ व सलातो सलाम होगा. अब्दुल रईस अंसारी, अमान, फ़रहान, आदि ने छात्रों से इज्तिमा को कामयाब बनाने की गुज़ारिश की है.
Next articleपश्चिम मध्य रेलवे में आधुनिक मशीनों से रेल संरक्षा को मिल रहा बढ़ावा