किसानों ने किया प्रदर्शन का ऐलान, सीएम मान का सख्त स्टैंड, आम जनता को परेशान नहीं होने दूंगा

Join Us

चंडीगढ़(आरएनएस)। किसानों ने एक तरफ 6 मई को प्रदर्शन का ऐलान किया है वहीं इस प्रदर्शन से पहले किसान नेता जगजीत डल्लेवाल समेत कई नेताओं को हाउस अरेस्ट कर लिया गया। पुलिस टीम सोमवार तडक़े 4 बजे ही उनके फरीदकोट स्थित घर पहुंच गई। डल्लेवाल ने खुद सोशल मीडिया पर लाइव आकर इसकी जानकारी दी। वहीं, पंजाब में आए दिन हो रहे धरनों, सडक़ों के जाम और रेल रोको आंदोलनों को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सख्त रुख अपनाते हुए सीधे चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया है कि अब आम जनता को परेशान करने वाले किसी भी प्रदर्शन, हड़ताल या धरने को जनविरोधी गतिविधि माना जाएगा। मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया कि संस्थाओं, संगठनों, जत्थेबंदियों और यूनियन ध्यान दें.. अगर आपने भी विरोध करना है तो इसके और भी कई तरीके होते है, सिर्फ लोगों को तंग करना सही नहीं है, वरना सख्त कानूनी कार्रवाई के लिए तैयार रहें। पंजाब के मेहनती लोगों के हित में जारी। पंजाब पुलिस ने करीब 25 किसान नेताओं के खिलाफ बड़ा एक्शन किया है। इनमें से कइयों को घरों में ही नजरबंद कर लिया है, वहीं कुछ को हिरासत में भी लिया गया है। मंगलवार को पटियाला के थाना शंभू का घेराव करके किसानों की ओर से धरना देने के ऐलान से एक दिन पहले किए इस एक्शन को लेकर जत्थेबंदियों में खासा रोष है। किसान जत्थेबंदियों ने चेताया है कि अगर सरकार की शह पर पंजाब पुलिस की ओर से इसी तरह से किसानों पर जबर जारी रहा, तो पूरा पंजाब जाम किया जाएगा।

Previous articleपुतिन ने मोदी से की फोन पर बात, कहा- आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत के साथ रूस
Next articleरेलवे कर्मचारी के फ्लैट पर छापा, ‘अय्याशी’ के अड्डे में मिला बम बनाने का सामान और रेल हादसे की कटिंग, पुलिस भी हैरान