भोपाल(आरएनएस)। निगम आयुक्त हरेन्द्र नारायन ने समग्र आईडी को आधार के साथ ईकेवाईसी लिंकिंग कार्य में लापरवाही बरतने और कम संख्या में ईकेवाईसी करने पर 06 वार्ड प्रभारियों को निलंबित कर दिया है। निगम आयुक्त ने समग्र आईडी को ईकेवाईसी से लिंक करने संबंधी कार्य की समीक्षा करते हुए वार्ड प्रभारियों को कार्य में और तेज लाकर प्रकरण निराकृत करने के सख्त निर्देश दिए। निगम आयुक्त नारायन ने सी.एम. हेल्प लाईन की समीक्षा बैठक में बिना सूचना के अनुपस्थित रहने एवं उच्च अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करने पर वार्ड क्र. 59 के वार्ड प्रभारी को भी निलंबित कर दिया है। निगम आयुक्त हरेन्द्र नारायन ने समग्र आईडी को आधार के साथ ई-केवाईसी लिंकिंग करने के कार्य की गुरूवार को समीक्षा की। समीक्षा के दौरान विगत 07 दिनों में समग्र आई.डी को आधार के साथ ई-केवाईसी लिंकिंग कार्य में न्यूनतम प्रगति पाये जाने पर जोन क्र. 10 के अंतर्गत वार्ड क्र. 50 के वार्ड प्रभारी बालकृष्ण करोड़े (मूल पद उ.श्रे.लि.), जोन क्र. 06 के अंतर्गत वार्ड क्र. 51 के वार्ड प्रभारी राकेश कुमार (मूल पद सहायक राजस्व निरीक्षक), जोन क्र. 13 के अंतर्गत वार्ड क्र. 52 के वार्ड प्रभारी बलभद्र पटेल (मूल पद सहायक राजस्व निरीक्षक), जोन क्र. 12 के अंतर्गत वार्ड क्र. 58 के वार्ड प्रभारी रामजस पटेल (मूल पद नि.श्रे.लि.), जोन क्र. 15 के अंतर्गत वार्ड क्र. 67 के वार्ड प्रभारी इंद्रकुमार जैन (मूल पद उप राजस्व निरीक्षक) एवं जोन क्र. 21 के अंतर्गत वार्ड क्र.32 के अखंड प्रताप सिंह (मूल पद सहायक राजस्व निरीक्षक) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबित कर्मचारियों का मुख्यालय डॉ. अम्बेडक़र पुस्तकालय किया गया है। निगम आयुक्त ने सी.एम. हेल्प लाईन की समीक्षा बैठक में बिना सूचना के अनुपस्थित रहने एवं उच्च अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करने पर जोन क्र. 12 के अंतर्गत वार्ड क्र. 59 के वार्ड प्रभारी अमितोष सिंह ठाकुर (मूल पद कुर्क अमीन) को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबित कर्मचारी का मुख्यालय डॉ. अम्बेडक़र पुस्तकालय किया गया है।








