पहलगाम हमला: कई दिन पहले पहुंच गए थे आतंकी, 3 और पर्यटन स्थल थे निशाने पर

Join Us

नईदिल्ली(आरएनएस)। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की तेजी से जांच हो रही है। इस दौरान कई अहम खुलासे भी हो रहे हैं। अब पता लगा है कि हमले के लिए आतंकी कई दिन पहले ही बैसरन पहुंच गए थे। आतंकवादियों के निशाने पर सिर्फ बैसरन ही नहीं, बल्कि कई और अन्य पर्यटन स्थल भी थे।हमले से पहले आतंकियों ने कम से कम 3 जगहों की रेकी भी की थी।सूत्रों के हवाले से कहा कि पहलगाम हमले से पहले 15 अप्रैल को आतंकियों ने 3 और जगहों पर रेकी की थी। एक आतंकी ने पहलगाम के एक पार्क की रेकी की थी, लेकिन यहां सुरक्षा-व्यवस्था कड़ी होने की वजह से हमला नहीं किया गया।बैसरन के अलावा पहलगाम की आरु घाटी, एम्यूजमेंट पार्क और बेताब घाटी भी आतंकियों के निशाने पर थी, लेकिन यहां सुरक्षा ज्यादा थी।बैसरन घाटी में हमले के दौरान आतंकी अल्ट्रास्टेट कम्युनिकेशन सिस्टम का इस्तेमाल कर रहे थे। सुरक्षाबलों ने ऐसे 2 उपकरणों के सिग्नल के बारे में पता लगाया है। हमले से पहले 3 ऐसे उपकरण इस क्षेत्र में एक्टिव थे।वहीं, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए)सूत्रों का मानना है कि आतंकी अभी भी दक्षिण कश्मीर में छिपे हुए हैं। संभावना है कि और भी आतंकी छिपे हुए हैं ताकि किसी तरह की सैन्य कार्रवाई के दौरान ये कवर दे सकें।एनआईए को शक है कि ओवर ग्राउंड वर्कर्स (ओजीडब्ल्यू) ने आतंकियों की मदद की। एजेंसी ने करीब 20 ऐसे ओजीडब्ल्यू की पहचान की है, जिन पर आतंकवादियों को समर्थन देने का संदेह है।

 

Previous articleश्रद्धालुओं के लिए खुले गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट
Next articleपाकिस्तानी नागरिकों को राहत, देश छोडऩे के लिए समयसीमा बढ़ाई गई