नर्मदापुरम/ जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जनपद पंचायत सिवनीमालवा में तालाब की सफाई के लिए स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान में क्षेत्रीय प्रशासन, ग्रामीणजन और अधिकारियों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली।
इस श्रमदान कार्यक्रम का नेतृत्व सिवनीमालवा की एसडीएम श्रीमती सरोज परिहार ने किया। उनके साथ जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रुति चौधरी एवं अन्य खण्ड स्तरीय अधिकारी भी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों एवं ग्रामवासियों ने सामूहिक प्रयासों से तालाब की सफाई कर जल संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर ग्रामवासियों में जल स्रोतों के संरक्षण के प्रति जागरूकता देखने को मिली। कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल तालाब की सफाई करना था, अपितु वर्षाकाल में वर्षाजल संचयन करना साथ ही समाज में जल संवर्धन की भावना को भी जागृत करना था।
जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण के महत्व को समझाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे कि आने वाली पीढ़ियों के लिए जल स्रोतों की उपलब्धता सुनिस्चिचित की जा सके।







