शहर के अनेक स्थानों पर अवैध कारोबार में लिप्त हेैं अनेक सफेदपोश
नर्मदापुरम। शहर में शराब विक्रय पर पाबंदी है। जोकि नाम की रोक है। लेकिन यह कारोबार शहर के अनेक स्थानों पर जमकर चल रहा है। इसमें कुछ सफेदपोश और कुछ तथाकथित समाजसेवी लोग भी शामिल हैं। कहीं कहीं घर पहुंच सेवा हो रही है। तो कहीं कहीं घर के पिछले दरवाजे या सामने के दरवाजे से टपों के अंदर से यह कारोबार फल फूल रहा है। स्कूटी की डिक्की में शराब की अवैध लोडिंग अनलोडिंग निरंतर जारी है। जिसे पकड़ने वाले ही अनजान बनकर पास करवा रहे हैं। क्योंकि इसमें जमकर मुनाफाखोरी करने को मिल रहा है। विभाग की संलिप्तता भी बनी हुई है। अवैध शराब के तलफगारों को अब ज्यादा खर्च करना पड़ रहा है। लेकिन उनकी जुगाड़ जरूर लग रही है। दिखने के लिए अन्य सामग्री की दुकान है अनेक दुकानदारों के यहां से गुटके व तंबाकू के पाउच के साथ ही शराब की बाटल तथा पाउच में बिक्री हो रही है। जो खतरनाक भी है। इन दुकानदारों के द्वारा मंहगे दामों पर बेच कर जमकर मुनाफा कमा रहे हैं। विभाग की सुस्ती व मिली भगत का फायदा कुछ आदत से मजबूर लोग उठा रहे हैं। कभी कभार कोई पकड़ में आ पाता है। विभाग तथा विभाग के सहयोगी विभाग पुलिस आदि के द्वारा भी इन अवैध कारोबारियों को जानबूझकर छूट दी जा रही है। जिससे उनका धंधा खूब फले फूले।
सुबह शाम होती है सप्लाई
शराब की सप्लाई देर शाम को तथा सुबह 5 बजे के लगभग ज्यादा होती है। उनका समय फिक्स है वर्दीधारियों की डृयूटी बदलती है उस वक्त कुछ लोग पहले से ही तैयार होते हैें। उनकी गाड़ी में या तो दूध के डब्बे लगे होते हैं। या फिर कुछ नहीं होता है वे अपना उल्लू सीधा करने के लिए निकल पड़ते हैं। उस समय उन्हें कोई टोकने वाला नहीं रहता है।
मिलीभगत भी शामिल
इस कारोबार को करने वाले लोग अपने कुछ खास लाेगों के साथ मिलकर यह कारोबार कर रहे हैं। जिससे कि उनके पकड़ने की संभावना नहीं के बराबर रहती है। कुछ तो उनकी देखरेख में इस कार्य को अंजाम दे रहे हैं। वे सबकुछ जानते हुए एेसे अंजान बन जाते हैं कि उन्हें कुछ पता ही नहीं है। जिन क्षेत्रों में यह कारोबार जमकर हो रहा है उनमें बालागंज, रामगंज, ग्वालटोली, बंगाली कालोनी, आदमगढ़, रसूलिया, हाउसिंग बोर्ड, जुमेराती,और मालाखेड़ी प्रमुख हैं।







