कुशीनगर (आरएनएस)। उत्तर प्रदेश में कुशीनगर के पडरौना में प्राचीन सातों बहिनिया देवी स्थान पर स्थित एक विशाल नीम का पेड़ अचानक गिर गया, जिसके नीचे पांच लोग दब गए। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पेड़ गिरने से मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया।मौके पर मौजूद लोगों और स्थानीय प्रशासन ने घायलों को बाहर निकाला, लेकिन दो लोगों की मौत हो चुकी थी। मृतकों की पहचान छोटेलाल और कृष्णा पटेल के रूप में हुई है। वहीं, घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। यह हादसा उस समय हुआ, जब सातों बहिनिया स्थान पर रामनवमी मेले की तैयारी के लिए बैठक चल रही थी। यह स्थान हर साल नवमी मेले के लिए प्रसिद्ध है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में दैवीय आपदा की चर्चा शुरू हो गई है। यह दुर्घटना पडरौना नगर के लक्ष्मीबाई स्कूल के पास हुई। इस घटना से पीडि़त परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।








