चरखी दादरी(आरएनएस)। महिला पहलवान विनेश फोगाट के चचेरे भाई एवं राज्य पदक विजेता की सडक़ हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। शुक्रवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। नेशनल हाईवे-148 बी पर गांव घसौला के पास शुक्रवार देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से ओलंपियन व कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट के स्टेट पदक विजेता भाई पहलवान की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव बलाली निवासी नवदीप (35) के रूप में हुई है। नवदीप कुश्ती खिलाड़ी था और बच्चों को प्रशिक्षण भी देता था। सदर पुलिस ने दादरी के सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर शव को परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।जानकारी के अनुसार, पुलिस को शुक्रवार रात सूचना मिली कि एनएच–148 बी पर गांव घसोला बस अड्डे के नजदीक एक युवक की सडक़ दुर्घटना में मौत हो गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को सिविल अस्पताल भिजवाया।








