अभी तक 16200 करदाताओं ने जमा किये 83 करोड़ रूपये
करदाताओं के पास बकाया करों की राशि जमा करने अब मात्र 7 दिन शेष
31 मार्च के बाद 1 अप्रैल से बकाया करों की राशि होगी दो गुना : आगामी वित्तीय वर्ष में आने वाली लोक अदालत में बकाया राशि पर करदाताओं को नहीं मिलेगी राहत
करदाताओं की सुविधा के लिए सुबह 09ः00 बजे से कैश काउण्टर खोलने निगमायुक्त प्रीति यादव के निर्देश
एम.आई.सी. प्रभारी डॉं. सुभाष तिवारी भी लगातार वसूली की कर रहे हैं समीक्षा : लक्ष्य प्राप्त करने सभी राजस्व अधिकारियों को दिये निर्देश
31 मार्च के पूर्व समस्त करों को जमा करने निगमायुक्त श्रीमती प्रीति यादव ने करदाताओं से की अपील
जबलपुर। नगर निगम की आर्थिक स्थिति सुदृढ करने तथा लक्ष्य के अनुरूप राजस्व आय बढ़ाने के उद्देश्य से निगमायुक्त श्रीमती प्रीति यादव लगातार वसूली अभियान की समीक्षा कर रहीं हैं और राजस्व अमले को निर्देश भी दे रहीं हैं। निगमायुक्त श्रीमती प्रीति यादव के निर्देश पर निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति के लिए उपायुक्त पी.एन. सनखेरे एवं राजस्व की टीम लगातार मैदान में उतरकर करदाताओं से बकाया करों की राशि जमा करने सम्पर्क बनाकर रखे हैं। उपायुक्त श्री सनखेरे ने बताया कि आज 4170 करदाताओं ने 1 करोड़ 41 लाख रूपये की राशि निगम खजाने में जमा की है। उन्होंने बताया कि सम्पत्ति कर में 2500 करदाताओं ने 1 करोड़ 16 लाख रूपये, डोर टू डोर में 800 करदाताओं ने 7 लाख रूपये एवं जल शुल्क के रूप में 870 करदाताओं ने 18 लाख रूपये की राशि निगम खजाने में जमा की है। श्री सनखेरे ने बताया कि अभी तक 16200 करदाताओं ने 83 करोड़ रूपये की राशि जमा की है, निर्धारित लक्ष्य 130 करोड़ रूपये है, शेष अभी 47 करोड़ रूपये की राशि करदाताओं से वसूल की जाना है। उन्होंने बताया कि करदाताओं के पास बकाया करों की राशि जमा करने अब मात्र 7 दिन शेष है, 31 मार्च के बाद 1 अप्रैल से करों की राशि दो गुना कर दी जायेगी जो आगामी वित्तीय वर्ष में आने वाली लोक लदालत में भी छूट नहीं मिलेगी। उन्होंने बताया कि निगमायुक्त श्रीमती प्रीति यादव ने करदाताओं की सुविधा के लिए समस्त कैश काउण्टरों को सुबह 09ः00 बजे से खोलने के निर्देश दिये है। उन्होंने बताया कि एम.आई.सी. सदस्य एवं राजस्व प्रभारी डॉं. सुभाष तिवारी के द्वारा भी लगातार राजस्व विभाग की समीक्षा की जा रही है, तथा लक्ष्य प्राप्ति के लिए सभी अधिकारियों को सख्ती के साथ वसूली के लिए निर्देश भी दिये हैं।
निगमायुक्त श्रीमती प्रीति यादव ने करदाताओं से अपील की है कि 31 मार्च के पूर्व अपनी करों की राशि जमा कर नगर निगम की अप्रिय कार्यवाही से बचें तथा निगम विकास में सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा कि 1 अप्रैल से राशि दो गुना हो जायेगी जिसमें आने वाली लोक अदालत में भी राहत नहीं मिलेगी।








