भाजपा जनप्रतिनिधियों की बैठक में वरिष्ठ नेताओं ने दी अनेक जानकारियां
नर्मदापुरम। भाजपा संभाग के नगरीय एवं ग्रामीण निकायों के जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को जिला कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक में क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल ने संभाग से आए जनप्रतिनिधियों से उनके द्वारा किए गए विकास कार्यों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा. निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को हमेशा सकारात्मक स्वच्छता एवं सुचिता के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आप हमारे मूल एवं जमीनी नेता हैं पार्टी को आप सभी पर गर्व है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि हमें इन योजनाओं को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना होगा। साथ ही 2047 तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के लक्ष्य को पूर्ण करने हेतु निरंतर सकारात्मक सोच के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों से कहा कि जनहितैषी कार्यों से जनता का विश्वास बढ़ेगा। प्रतिनिधि अपने क्षेत्र के विधायक सांसद एवं वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों से मार्गदर्शन लें और अपने विकास कार्यों को सोशल मीडिया के माध्यम से साझा करें।
एक देश एक चुनाव प्रस्ताव और समर्पण निधि पर की चर्चा
भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने कहा कि हम सभी को एक देश एक चुनाव के प्रस्ताव को समर्थन देना चाहिए और इसे राष्ट्रपति को भेजना चाहिए। उन्होंने भाजपा के समर्पण निधि अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे सक्रिय कार्यकर्ताओं तक पहुंच बनानी होगी। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने की योजना की जानकारी दी।
संभाग प्रभारी पंकज जोशी ने स्वागत भाषण में कहा कि संभाग के जनप्रतिनिधि विकास के सराहनीय कार्य कर रहे हैं जिससे जनता का भाजपा के प्रति विश्वास बढ़ रहा है।
संचालन इटारसी नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने किया।भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती प्रीति शुक्ला ने आभार व्यक्त किया।
जिला मीडिया प्रभारी अमित माहला ने बताया कि बैठक में नर्मदापुरम बैतूल एवं हरदा के भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती प्रीति शुक्ला सुधाकर पंवार राजेश वर्मा जिला पंचायत अध्यक्ष उपाध्यक्ष नपाध्यक्ष. उपाध्यक्ष जनपद पंचायत अध्यक्ष उपाध्यक्ष नगर परिषद अध्यक्ष उपाध्यक्ष सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।






