भोपाल (आरएनएस)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि मासूम बेटियों के साथ दुराचार करने वालों के लिए राज्य में फांसी की सजा का प्रावधान है और अब धर्मांतरण करने वालों को भी फांसी की सजा का प्रावधान किया जाएगा। राजधानी भोपाल में कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि राज्य में मासूम बालिकाओं के साथ दुराचार करने के मामले में सरकार बहुत कठोर है। इस संबंध में फांसी का प्रावधान किया गया है। जो दुराचार करेगा, हमारी सरकार उसे छोडऩे वाली नहीं है। किसी हालत में ऐसे लोगों को जीवन जीने का अधिकार नहीं देना चाहते हैं। जो धर्मांतरण कराएंगे, उनको भी फांसी की सजा दिलाए जाने का प्रबंध किया जा रहा है।मुख्यमंत्री मोहन यादव ने आगे कहा कि किसी भी हालत में धर्मांतरण और दुराचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।








