महाशिवरात्रि पर 1000 ड्रोन से बनेगी महाकाल की आकृति
उज्जैन (ए)। महाशिवरात्रि पर महाकाल नगरी उज्जैन में आसमान में भगवान शिव की आकृति और उनसे जुड़े प्रतीक चिह्न रंगारंग रूप में दिखाई देंगे। मध्यप्रदेश सरकार के आयोजन विक्रमोत्सव के शुभारंभ दिवस पर संध्या के समय ड्रोन शो के माध्यम से ये अनुपम दृश्य दिखाई देंगे। प्रदेश में पहली बार उज्जैन में यह शो आयोजित होने जा रहा है।
महाशिवरात्रि पर्व पर महाकाल नगरी में एक साथ 1000 से ज्यादा ड्रोन उड़ेंगे। आसमान में भगवान शिव की आकृति और उनसे जुड़े प्रतीक चिह्न रंगारंग रूप में दिखाई देंगे। शहर के लोगों को ये पहली बार देखने को मिलेगा। 125 दिनों के विक्रमोत्सव के शुभारंभ समारोह में संस्कृति विभाग के अंतर्गत महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ द्वारा यह ड्रोन शो आयोजित किया जा रहा है। ड्रोन शो में एक साथ ड्रोन उड़ाकर उन्हें एनिमेटेड किया जाता है। ड्रोन को कंप्यूटर प्रोग्राम के जरिए कंट्रोल किया जाएगा। शो रात में किया जाएगा।
पहली बार देखने को मिलेगा ऐसा नजारा
ड्रोन शो का एक अद्भुत नजारा उज्जैन में पहली बार लोगों को देखने को मिलेगा। इस तरह के शो विदेशों और बड़े शहरों में आयोजित होते हैं। उज्जैन से शुरू होने वाले 125 दिनों के विक्रमोत्सव के शुभारंभ समारोह में संस्कृति विभाग के अंतर्गत महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ द्वारा यह उत्सव आयोजित होगा। मुख्य समारोह के दौरान ड्रोन शो होगा, जिसमें एक हजार से अधिक ड्रोन आसमान में उड़ाए जाएंगे और इनके माध्यम से महादेव भगवान शिव की आकृतियां बनाई जाएंगी। ड्रोन शो के प्रभारी डॉ. अनिल कोठारी ने बताया शो के लिए एक टीम उज्जैन आएगी। मध्यप्रदेश में पहली बार यह शो आयोजित किया जा रहा है। इसकी तैयारी की जा रही है।








