नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए व्यापक कार्रवाई की जाए
बोर्ड परीक्षाओं के संचालन में पूरी सावधानी बरती जाए
सभी जिला अधिकारी हितग्राही मूलक योजनाओं को सार्थकता पूर्ण क्रियान्वित करें
कलेक्टर की अध्यक्षता में आयोजित हुई समय सीमा की बैठक
नर्मदापुरम/ सभी अधिकारी शासन द्वारा चलाई जा रही सभी हितग्राही मूलक योजनाओं को संवेदनशीलता से क्रियान्वित करें। बोर्ड परीक्षाओं की सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जाए। राम जी बाबा मेले में दुकानों एवं झूलों का संचालन सुरक्षा मानदंडों के अनुसार ही किया जाए। दुकानों एवं झूलों का फायर इलेक्ट्रिकल एवं सेफ्टी सर्टिफिकेट जारी करें संबंधित अधिकारी। अतिक्रमण के विरुद्ध व्यापक कार्यवाही सुनिश्चित कर अवैध अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई कर राजस्व एवं नगरपालिका अमला। उक्त निर्देश सोमवार को आयोजित समय सीमा की बैठक के दौरान कलेक्टर सोनिया मीना ने बैठक के दौरान उपस्थित संबंधित अधिकारियों को दिए। इस दौरान उन्होंने योजनाओं की प्रगति, सीएम हेल्पलाइन शिकायतों, विभागीय कार्य योजनाओं आदि की विस्तार से समीक्षा की।
शासकीय गौशालाओं की चरनोई भूमि से अवैध कब्जा हटाए जाने की कार्यवाही प्राथमिकता से संपन्न की जाए। कलेक्टर ने सभी जनपद सीईओ को निर्देशित किया है कि कब्जा हटाने के उपरांत उक्त भूमियो पर फेंसिंग कार्य करवाते हुए भूमियों को सुरक्षित किया जाना सुनिश्चित करें जिससे कि भविष्य में इस प्रकार की स्थिति उत्पन्न ना हो।
कलेक्टर ने समय सीमा की बैठक के दौरान सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की समीक्षा करते हुए समस्त जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि 50 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों का सूक्ष्मता से अवलोकन करें जिससे शिकायतों के स्वरूप को समझा जा सके। उन्होंने कहा कि कोई भी अधिकारी अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के जवाब पर निर्भर ना रहे, प्रत्येक शिकायतों का गंभीरता पूर्वक अवलोकन करने के बाद ही जवाब दर्ज करें। कलेक्टर ने एसडीएम/ तहसीलदार केसला माखन नगर एवं सिवनी मालवा को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाइन रैंकिंग में अपनी ग्रेड में सुधार करें। किसी भी स्थिति में तीनों अनुविभाग ए ग्रेड से नीचे ना हो। इसी के साथ कलेक्टर ने सभी जिला अधिकारियों को भी यह निर्देश दिए की सभी विभाग प्रमुख अतिरिक्त प्रयास करे जिससे कि जिला ए ग्रेड में स्थान प्राप्त करे। कलेक्टर सोनिया मीना ने ऐसे विभाग जिनके अंतर्गत 200 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों है उन विभाग प्रमुखों को पत्र जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि 200 दिवस से अधिक लंबे शिकायतों पर विशेष रूप से फोकस करें एवं निराकरण में प्रगति लाए। अपेक्षित प्रगति प्राप्त नहीं करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।
कलेक्टर ने बैठक के दौरान कहा कि शिकायतकर्ता को समक्ष में बुला कर उनकी समस्याएं सुने, कई बार नियमों की जानकारी के अभाव में भी शिकायतकर्ताओं द्वारा भी शिकायत की जाती हैं। कलेक्टर ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एवं सीएमएचओ को निर्देशित किया कि आयुष्मान भारत योजना के वास्तविक आंकड़ों को स्टेट पोर्टल पर दर्ज करने में आ रही समस्याओं के संबंध में राज्य स्तर पर समन्वय कर समस्या का समाधान निकालना सुनिश्चित करें और डाटा को पोर्टल पर अपडेट करें। कलेक्टर सुश्री मीना ने कहा कि समस्त अधिकारी माह के प्रथम सप्ताह से ही शिकायतों के निराकरण पर ध्यान केंद्रित करें जिससे अंतिम सप्ताह तक अधिक संख्या में शिकायतें लंबित नहीं रहेंगी।
कलेक्टर ने समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम के लिए चयनित शिकायतों की भी विस्तार पूर्वक समीक्षा की। उन्होंने समय सीमा बाह्य प्रकरणों की समीक्षा करते हुए निर्देश जारी किए की बिना कार्यवाही किए हुए लंबे समय से बाह्य हो चुके प्रकरणों पर संबंधित अधिकारियों पर पेनल्टी अधिरोपित की जाए। एसडीएम तहसीलदार को 3 दिन पूर्व ही समय सीमा बाह्य प्रकरणों की जानकारी प्रेषित किए जाने के निर्देश भी कलेक्टर ने बैठक में उपस्थित संबंधित अधिकारी को दिए। उन्होंने कहा समय सीमा बाह्य केसेज को शून्य किए जाने की दिशा में ध्यान दिया जाए।
आयोग से संबंधित शिकायतों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देशित किया कि 3 वर्ष से अधिक पुरानी शिकायतों में त्वरित कार्रवाई करते हुए जवाब दायर किया जाए तथा इसकी जानकारी भी जिला कार्यालय में संबंधित प्रभारी को उपलब्ध करवाई जाना सुनिश्चित किया जाए। इसी के साथ लोकायुक्त से संबंधित शिकायतों में भी संवेदनशीलता पूर्वक जवाब प्रस्तुत करें। इस दौरान कलेक्टर ने निर्देश दिए की भू अर्जन के प्रकरणों में पूरी संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया जाए। सभी एसडीएम एवं तहसीलदार अधिनियमों एवं सर्कुलर के आधार पर ही भू अर्जन के समस्त प्रकरणों का निराकरण करें।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने समस्त जनपद पंचायत सीईओ को निर्देश दिए की समग्र ई केवाईसी, आयुष्मान भारत योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन ई केवाईसी आदि से संबंधित कार्यों को नियमित रूप से निष्पादित किया जाता रहे। ग्राम पंचायत स्तर के साथ-साथ अधिक दूरदराज के क्षेत्रों में भी निरंतर रूप से कार्य किया जाता रहे।
कलेक्टर द्वारा आगामी बोर्ड परीक्षाओं के लिए की जा रही तैयारी की भी समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि सभी एसडीएम एवं तहसीलदार अपने-अपने क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर ले। परीक्षा में संलग्न सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, केंद्र अध्यक्ष, सहायक केंद्र अध्यक्ष, कलेक्टर प्रतिनिधी आदि अपने अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण सतर्कता से करें। किसी भी स्थिति में लापरवाही न बरती जाए।
कलेक्टर ने समस्त एसडीएम तहसीलदार सीईओ जनपद पंचायत एवं सीएमओ को निर्देशित किया कि अपने-अपने नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की व्यापक कार्यवाही करें। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भी सभी तहसीलदार भ्रमण कर उक्त कार्यवाही संपादित करें। आवश्यकता पड़ने पर पेनल्टी एवं जब्ती की कार्यवाही की जाए तथा की जा रही कार्यवाही के संबंध में रिपोर्ट भी प्रस्तुत करें।
समय सीमा बैठक के दौरान कलेक्टर ने ई ऑफिस प्रणाली के लिए सभी आवश्यक कार्यवाही किया जाना सुनिश्चित करने के निर्देश समस्त जिलाधिकारी को दिए। उन्होंने कहा इस कार्य के लिए सभी जिला कार्यालय में एक-एक नोडल ऑफिसर भी नियुक्त किया जाए जो इस संबंध में समस्त आवश्यक कार्रवाई संपादित करें।
बैठक के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री सोजान सिंह रावत, संयुक्त कलेक्टर श्री अनिल जैन, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती संपदा गुर्जर, सिटी मजिस्ट्रेट श्री बृजेंद्र रावत सहित अन्य जिलाधिकारी उपस्थित रहे।






