बहाल योग्य निलंबित कर्मचारियों के प्रकरणों की जांच करें, न्याय संगत है तो बहाल करें

Join Us

आगामी पर्व एवं त्योहार के दृष्टिगत जिलों में कानून व्यवस्था की स्थिति चाक चौबंद रहे

आरआई व पटवारी की ग्राम में उपस्थित की मॉनिटरिंग सार्थक ऐप से हो

कमिश्नर ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में समस्त कलेक्टर्स को दिए निर्देश

नर्मदापुरम/ किसी जिले में यदि कोई कर्मचारी लंबे समय से निलंबित है तो ऐसे कर्मचारी के प्रकरण की जांच यथा शीघ्र करते हुए यदि न्याय संगत है तो ऐसे कर्मचारियों की बहाली सुनिश्चित की जाए। उक्त निर्देश नर्मदापुरम संभाग कमिश्नर श्री कृष्ण गोपाल तिवारी ने सोमवार को आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में हरदा बैतूल एवं नर्मदापुरम कलेक्टर्स को दिए। कमिश्नर श्री तिवारी ने सभी कलेक्टर्स को निर्देश दिए की लघु शास्ती के अधिकार सभी कलेक्टर्स का प्राप्त है अतः निलंबन से पहले कर्मचारियों को नोटिस देते हुए कर्मचारियों को अपने समकक्ष में बुलाकर भी एक बार अवश्य सुना जाए। निलंबित करने में अनावश्यक तेजी न दिखाई जाए। यदि कर्मचारियों को निलंबित करना अनिवार्य ही हो जाता है तो निलंबित ऐसे कर्मचारियों की शीघ्र ही जांच कर कर उसका रिव्यू कर यदि वह बहाली योग्य है तो उसे तत्काल बहाल किया जाए। कमिश्नर ने कहा कि प्राय: यह भी देखा जा रहा है कि कर्मचारियों को अनावश्यक रूप से सेवा से पृथक कर दिया जाता है। कमिश्नर ने निर्देश दिए की सेवा से पृथक करने से पूर्व कर्मचारियों की सभी जांच न्यायसंगत तरीके से की जाए और यदि अनिवार्य हो जाए तभी कर्मचारियों को सेवा से पृथक किया जाए।

आर आईपटवारियों की ग्राम में उपस्थित की मॉनिटरिंग सार्थक ऐप से

कमिश्नर श्री तिवारी ने सभी कलेक्टर्स को निर्देश दिए की वह अपने-अपने जिले के राजस्व निरीक्षक एवं पटवारियों का ग्राम मुख्यालय में दिन फिक्स करते हुए सभी राजस्व निरीक्षक एवं पटवारी की ग्राम में उपस्थित सुनिश्चित की जाए और राजस्व निरीक्षक एवं पटवारी की उपस्थिति की मॉनिटरिंग अनिवार्य रूप से सार्थक ऐप से की जाए। कमिश्नर ने निर्देश दिए की सभी तहसीलदार के पास पटवारी एवं राजस्व निरीक्षक की ग्राम में उपस्थिति की तिथि एवं दिन का चार्ट अनिवार्य रूप से होना चाहिए।

आगामी पर्व एवं त्योहारों के दृष्टिगत जिलों में कानून व्यवस्था की स्थिति चाक चौबंद रहे

कमिश्नर श्री तिवारी ने सभी कलेक्टर को निर्देश दिए की फरवरी एवं मार्च माह में आने वाले पर्व एवं त्यौहार को दृष्टिगत रखते हुए नर्मदापुरम संभाग के सभी जिलों में कानून एवं व्यवस्था की स्थिति चाक चौबंद रहे। कमिश्नर ने कहा कि कानून व शांति व्यवस्था की स्थिति बनाए रखना हमारी पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। बताया गया कि हरदा में आगामी दिनों में पंच क्रोशी यात्रा एवं शिवरात्रि का पर्व, बैतूल में एक महत्वपूर्ण मेला, शिवाजी जयंती शबे बरात तथा नर्मदापुरम में राम जी बाबा मेला, चौरागढ़ एवं तिलक सिंदूर में शिवरात्रि का मेला आयोजित किया जाएगा। कमिश्नर ने निर्देश दिए की सभी मेलों में भी पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था  सुनिश्चित की जाए।

जिला शिक्षा अधिकारी और डीपीसी करें स्कूलों का निरीक्षण

कमिश्नर श्री तिवारी ने निर्देश दिए की जिला शिक्षा अधिकारी एवं डीपीसी निरंतर स्कूलों का निरीक्षण करें। अभिप्राय यह देखने में आ रहा है कि उक्त अधिकारीगण निरीक्षण पर्याप्त मात्रा में ना करके कार्यालय में ही ज्यादा समय व्यतीत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीआरसी एवं बीईओ भी स्कूलों का निरीक्षण करें। निरीक्षण करने से स्कूलों में एवं स्कूलों में व्याप्त व्यवस्था में पर्याप्त सुधार होता है।

सभी कलेक्टर्स जेल व अधीनस्थ कार्यालयों का निरीक्षण करें

नर्मदापुरम संभाग आयुक्त श्री कृष्ण गोपाल तिवारी ने सभी कलेक्टर को निर्देश दिए कि वह भी क्षेत्र में भ्रमण करना सुनिश्चित करें एवं अधीनस्थ कार्यालय का निरीक्षण करें। कमिश्नर ने निर्देश दिए की निरीक्षण के दौरान कलेक्टर सभी चीजों का बारीकी से अध्ययन करें। कमिश्नर ने निर्देश दिए की सभी कलेक्टर्स जेल का भी निरीक्षण करना सुनिश्चित करें तथा गांव में चौपाल लगाकर रात्रि विश्राम भी करें। कमिश्नर ने जिला जेल बैतूल की सराहना करते हुए बताया कि गत माह उनके द्वारा केंद्रीय जेल बैतूल का निरीक्षण किया गया था। केंद्रीय जेल बैतूल में निरीक्षण के दौरान सभी रिकॉर्ड का संधारण बहुत ही बेहतरीन तरीके से होना पाया गया था। कमिश्नर ने निर्देश दिए कि ऐसे ही सभी कार्यालय में सेवा पुस्तिका, स्टाफ रजिस्टर एवं अन्य ऑडिट कंडिकाओ का निराकरण अपडेट रहे।

सर्वाइकल कैंसर रोधी टीकाकरण में तेजी लाए

कमिश्नर श्री तिवारी ने 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए कैंसर रोधी टीका लगाने की कि अब तक हुई प्रगति की समीक्षा की। बताया गया कि हरदा में फर्स्ट डोज 334 एवं द्वितीय डोज 354 अब तक बालिकाओं को लगाए जा चुके हैं। बैतूल व नर्मदापुरम में भी इसी तरह शिविर लगाकर बालिकाओं का टीकाकरण किया गया है। कमिश्नर ने कहा कि कुछ अस्पताल स्वेच्छा से टीकाकरण के कार्य में सहयोग करने के लिए तैयार हैं, सभी कलेक्टर्स ऐसे अस्पतालों से समन्वय कर टीकाकरण के कार्य में तेजी लाए। कमिश्नर ने कहा कि बालिकाओं को लगाए गए प्रथम एवं द्वितीय टीकाकरण कार्य का क्रॉस चेक भी अवश्य कर लेवे।

ई ऑफिस के तहत सभी कर्मचारियों की आईडी बनाई जाए

कमिश्नर श्री तिवारी ने बताया कि 31 मार्च से पूर्व सभी शासकीय विभागों की एवं उनके कर्मचारियों की शासकीय मेल आईडी बनाई जानी है। उन्होंने इसके लिए सभी कलेक्टर्स को निर्देश दिए कि वे अपने अधीनस्थ कार्यालय के कर्मचारियों की ईमेल आईडी बनाना सुनिश्चित करें। कमिश्नर ने बताया कि 31 मार्च के बाद सभी कार्यालय में ई ऑफिस सिस्टम लागू किया जाएगा। इसके लिए उन्होंने कर्मचारियों को ई ऑफिस की ट्रेनिंग दिलाने के निर्देश दिए। बताया गया कि हरदा में सभी कर्मचारियों की शासकीय ईमेल आईडी बनाई गई है। बैतूल में ईमेल आईडी का डाटा शासन स्तर पर भेजा गया है। नर्मदापुरम में अभी आठ विभागों द्वारा आईडी बनाई गई है।

 कमिश्नर ने की जल जीवन मिशन की प्रगति की समीक्षा

कमिश्नर ने जल जीवन मिशन योजना के तहत हर घर नल कनेक्शन के तहत किये जा रहे हैं कार्यों की अब तक हुई प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने तीनों जिलों के जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह पूर्ण हो चुकी नल जल योजना के हैंडोवर के पश्चात नल जल योजना में आगामी दिनों में मेंटेनेंस पर होने वाले व्यय की समीक्षा करने और मेंटेनेंस भुगतान के लिए फंड की व्यवस्था के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए। कमिश्नर ने मत्स्य एवं पशुपालको को जारी किए जाने वाले ई केवाईसी के संबंध में आवश्यक जानकारी ली एवं अब तक लाभान्वित मत्स्य एवं पशु पालकों के नाम की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

लंबे समय से लंबित राजस्व एवं लोक सेवा गारंटी के प्रकरणों की समीक्षा की

कमिश्नर श्री तिवारी ने लंबे समय से लंबित राजस्व एवं लोक सेवा गारंटी के प्रकरणों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने सभी कलेक्टर्स को निर्देश दिए की जो प्रकरण निराकृत हो गए हैं उन प्रकरणों को पोर्टल पर अपलोड भी किया जाए। साथ ही लोकसेवा गारंटी में लंबे समय से लंबित प्रकरणों को निराकृत न करने वाले नायब तहसीलदार एवं तहसीलदार पर पेनाल्टी अधिरोपित की जाए। कमिश्नर ने कहा कि 6 माह से अधिक के कोई भी प्रकरण अनावश्यक रूप से निलंबित ना रखे जाएं। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान नर्मदापुरम कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना, बैतूल कलेक्टर श्री नरेंद्र सूर्यवंशी, हरदा कलेक्टर श्री आदित्य सिंह, ऑनलाइन तथा संयुक्त आयुक्त विकास श्री जीसी दोहर ऑफलाइन उपस्थित रहे।

Previous articleमंथनश्री एवं पाथेय का आयोजन सामाजिक प्रेरणा का सृजन
Next articleई ऑफिस प्रणाली लागू किए जाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें सभी जिलाधिकारी : कलेक्टर