भोपाल (आरएनएस)। गर्भवती महिलाओं ओर प्रसूताओं को प्रधानमंत्री मातृवंदना योजना के अंतर्गत मिलने वाली सहायता राशि नहीं मिल पा रही है। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा योजना में बदलाव के बाद साफ्टवेयर में भी परिवर्तन करने से यह दिक्कत आ रही है। प्रदेश की लगभग 48 हजार महिलाओं को राशि नहीं मिल पाई है। ये वहे हैं, जो साफ्टवेयर में परिवर्तन के पहले से पंजीकृत हैं। पहले यह संख्या लगभग एक लाख थी, पर धीरे-धीरे कर 50 हजार से अधिक की भुगतान हो चुका है। इस मामले में सीएम हेल्पलाइन में भी 45 हजार शिकायतें पहुंच चुकी हैं। योजना के अंतर्गत दो किश्त में पांच हजार रुपए दिए जाते हैं। हितग्राहियों को भुगतान नहीं मिलने की समस्या एक वर्ष से है। अक्टूबर 2024 तक तक इस संबंध में 25 हजार शिकायतें सीएम हेल्पलाइन में पहुंच चुकी थीं जो बढकऱ 45 हजार हो गई हैं। हालांकि, केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की तरफ से पुराने हितग्राहियों के दस्तावेजों का परीक्षण कर नए साफ्टवेयर में शिफ्ट किया जा रहा है, पर अभी भी लगभग 48 हजर महिलाओं को सहायता राशि नहीं मिल पाई है। केंद्र सरकार ने योजना को एक अप्रैल 2022 में संशोधित कर प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना 2.0 शुरु किया है। इसका उद्देश्य गर्भवती महिलाओं के पोषण का स्तर सुधारने के साथ ही बालिका के जन्म को प्रोत्साहित करना है इसमें प्रथम प्रसव पर पांच हजार रुपये दो किश्तों में देने का प्राविधान है।







