भोपाल, (आरएनएस)।माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) की दसवीं व 12वीं की परीक्षा 24 फरवरी से शुरु हो रही हे। इस बार विद्यार्थियों को मुख्य उत्तर-पुस्तिका में ही पूरा प्रश्नपत्र हल करना होगा। यह उत्तरपुस्तिका 32 पेज की होगी। अभी तक 20 पेज की उत्तरपुस्तिका दी जाती थी। उत्तरपुस्तिका के मुख्य पेज पर बार कोड भी लगा रहेगा, जिससे इसके हेर-फेर की संभावना नहीं रहेगी। विद्यार्थियों को सप्लीमेंट्री कॉपी नहीं मिलेगी। बोर्ड परीक्षा को लेकर सोमवार को माशिमं और स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों की साधारण सभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में यह निर्णय भी हुआ कि सिलाई खुली हुई उत्तरपुसितका को नकल प्रकरण में दर्ज किया जाएगा। बैठक में परीक्षा संबंधी जरूरी व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हुई। बता दें कि इस साल दोनों कक्षाओं के 16.61 लाख विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। साथ ही परीक्षा कार्य में करीब 45 हजार अधिकारी, शिक्षक व कर्मचारी शामिल होंगे। बोर्ड परीक्षाओं में नकल पर रोक लगाने के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं। इस पर प्रश्नपत्रों के बंडलों को थाना से निकालने और वितरित करने में कई सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। प्रश्नपत्रों के साथ कोरी उत्तरपुस्तिकाओं का वितरण भी क्रमवार किया जाएगा।







