भोपाल(ए)। बोर्ड परीक्षा में स्टूडेंटस की पढ़ाई को ध्यान में रखते हुए भोपाल कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने 4 दिन पहले लाउडस्पीकर और डीजे बजाने को लेकर आवश्यक निर्देश जारी किए थे। इसके बाद एसडीएम द्वारा टीमे गठित कर सभी ने मैदानी स्तर पर कार्यवाही करते हुए अब तक 70 से अधिक लाउडस्पीकर उतारे जा चुके हैं। गौरतलब है कि कलेक्टर सिंह के जारी आदेश के मुताबिक, रात 10 से सुबह 6 बजे तक सभी प्रकार का साउंड सिस्टम बंद रहेगा। वहीं, डीजे यूनिट पर सिर्फ एक साउंड सिस्टम ही लगा सकेंगे। कलेक्टर सिंह ने यह प्रतिबंधात्मक आदेश भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत जारी किए हैं। इसमें जिले के सभी धार्मिक स्थल, औद्योगिक, कमर्शियल, रहवासी में ध्वनि यंत्रों (लाउडस्पीकर, डीजे) के अनियंत्रित एवं नियम खिलाफ प्रयोग पर रोक लगाने की बात कही गई है। आदेश के बाद कोलार और गोविंदपुरा में 47 से ज्यादा लाउडस्पीकर उतारे जा चुके हैं। अफसरो का कहना है कि बच्चों को परीक्षा की तैयारी में कोई परेशानी न हो इसके लिये यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। और आदेशो का उल्लंघन करने वालो पर मध्यप्रदेश कोलाहल नियत्रण अधिनियम 1985 की धारा 15 एवं 16 के तहत शास्ति अधिरोपित करने एवं जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।







