भोपाल (आरएनएस)। नगर निगम, भोपाल द्वारा कचरा प्रबंधन हेतु लगातार नवाचार व नवीन प्रयास किए जा रहे है और अपशिष्ट से विभिन्न प्रकार के उपयोगी वस्तुए बनाकर रोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराए जा रहे है। इसी क्रम में कचरा प्रबंधन में की अवधारणा को मूर्तरूप देते हुए नगर निगम द्वारा नारियल अपशिष्ट, पुराने कपड़ों व फूलों से विभिन्न प्रकार के उपयोगी उत्पाद बनाने के प्लांट लगाए गए है। इन प्लांटों के माध्यम से स्व सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सुदृढ़ बनाने और समूहों की महिलाओं को रोजगार के नये अवसर उपलब्ध कराने के दृष्टिगत नये-नये उत्पाद बनाने का प्रशिक्षण दिलाने का कार्य प्रारंभ किया गया है। इसके तहत विभिन्न चरणों में अलग-अलग समूहों को अलग-अलग उत्पाद बनाने का प्रशिक्षण चरणबद्ध तरीके से दिया जाएगा। नगर निगम, भोपाल द्वारा अपशिष्ट प्रबंधन में सहयोगी संस्था मास्टरी इन्फोटेक के माध्यम से स्व सहायता समूहों की महिलाओं को नारियल अपशिष्ट से चिडिय़ा के घोसले व नर्सरी में उपयोगी विभिन्न प्रकार के उत्पाद, बॉयो एन्जाईम सहित पुराने कपड़ों से रस्सी व फूलों से अगरबत्ती एवं गुलाल बनाने का चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण दिया जा रहा है। दानापानी कचरा ट्रांसफर स्टेशन स्थित रिसाईकिल हब में 10 दिवसीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है ताकि स्व सहायता समूहों की महिलाओं को नये उत्पाद बनाने की प्रक्रिया की जानकारी हो से और उनके कौशल विकास के साथ ही वह आर्थिक रूप से भी सुदृढ़ बने। निगम द्वारा अपशिष्ट प्रबंधन की दिशा में यह एक और नवाचार है।








