भोपाल (आरएनएस)। श्यामला हिल्स स्थित हिन्दी भवन में मंगलवार को मध्यप्रदेश संत पुजारी संघ ने अपने स्थापना दिवस पर संस्कार उत्सव का आयोजन किया। इस दौरान संघ के संस्थापक नरेंद्र दीक्षित ने राज्य के मुख्यमंत्री से प्रदेश को हिन्दू राज्य घोषित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि वर्तमान में चल रही हिन्दुत्व की लहर में इसकी शुरुआत मध्यप्रदेश से होनी चाहिए, क्योंकि यहां हिन्दू आबादी सबसे अधिक है।कार्यक्रम में संघ ने मध्यप्रदेश को हिन्दू राज्य घोषित करते हुए कहा कि सनातन संस्कृति को संरक्षित और प्रचारित करने के लिए यह कदम जरूरी है। आयोजन के दौरान 16 संस्कारों पर जागरूकता फैलाने के साथ-साथ समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सेवकों को सम्मानित भी किया गया। साथ ही, सनातन संस्कृति को अपनाने और जीवन में उसका अनुसरण करने का संकल्प लिया गया। इस दौरान कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष कपिल शर्मा, निदान वेलफेयर सोसायटी के सदस्य और अन्य संत व संघ के सदस्य मौजूद रहे।संघ के संस्थापक नरेंद्र दीक्षित ने कहा, जब कश्मीर के मुख्यमंत्री अपने राज्य को इस्लामिक राज्य घोषित कर सकते हैं, तो मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को भी हिन्दुत्व को बढ़ावा देने के लिए खुलकर आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि हिन्दू राज्य घोषित करने का अर्थ अन्य धर्मों का विरोध करना नहीं है। लेकिन जब हमारे भगवान की मूर्तियां जमीन के नीचे मिलती हैं, तो हमें पीड़ा होती है। जब पाकिस्तान अपने आपको इस्लामिक राष्ट्र कहता है, अरब देश इस्लामिक संस्कृति के आधार पर पहचाने जाते हैं, तो भारत को अपनी सनातन संस्कृति के अनुसार हिन्दू राष्ट्र बनने में क्या समस्या है। कार्यक्रम के दौरान 16 संस्कारों की महत्ता पर चर्चा की गई। इसके साथ ही सनातन धर्म के संरक्षण और समाज में एकता का संदेश देने पर जोर दिया गया। संस्थापक नरेंद्र दीक्षित ने कहा कि हिन्दुत्व केवल एक धर्म नहीं, बल्कि सबको जोडऩे वाली पद्धति है। उन्होंने कहा कि यह हमारी प्राचीन संस्कृति की पहचान है, जो विश्व को शांति और सद्भाव का संदेश देती है। कार्यक्रम के समापन पर समाज सेवा और धर्म के प्रति काम करने वाले कार्यकर्ताओं को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया गया।








