भोपाल,(आरएनएस)। लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) द्वारा कराई जा रही एमपी बोर्ड की 10-12वीं की प्री-बोर्ड परीक्षाओं के प्रश्न-पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इधर, डीपीआई का कहना है कि पेपर लीक होने की गुंजाइश नहीं है, क्योंकि सभी पेपर उसी दिन प्राचार्य के ओटीपी से खुलते हैं। जानकारी के अनुसार मंदसौर में स्टूडेंट्स के पास कुछ पेपर दो दिन पहले तो कुछ पेपर एक दिन पहले ही पहुंच गए। ये सभी पेपर सोशल मीडिया, इंस्टाग्राम, टेलीग्राम और यू-ट्यूब पर भी वायरल हुए। स्टूडेंट्स का कहना है कि परीक्षा में जो प्रश्न-पत्र दिए गए, वह उससे हूबहू मिलते रहे थे। 12वीं के एक छात्र ने बताया कि उसका पहला पेपर 16 जनवरी को था। यह पेपर एक दिन पहले ही टेलीग्राम पर आ गया था। 17 को हिंदी का और 20 जनवरी को गणित का पेपर भी लीक हुआ। ये सभी पेपर टेलीग्राम और इंस्टाग्राम पर डाले गए थे। इसी तरह 21 जनवरी को 12वीं का बायोलॉजी का पेपर दो घंटे पहले सोशल मीडिया पर डाला गया। वही पेपर स्टूडेंट्स को दिया गया।








