डोलरिया। रबी मौसम की बोनी करने के बाद किसानों के सामने अपनी फसल की सिंचाई की समस्या आ रही है। इसके लिए टेल क्षेत्र के किसान जहां नहर से पानी की मांग कर रहे हैं। वहीं नहर क्षेत्र से दूर के किसान अपनी फसल में ट्यूबवेल से सिंचाई करना चाह रहे हैं। लेकिन दिन में बिजली नहीं मिलने से किसानों के सामने पानी देने की समस्या बनी हुई है। किसानों ने बिजली कंपनी के अधिकारियों से दिन में पर्याप्त बिजली देने की मांग की है। सिंचाई के लिए पानी की इस समस्या से निजात दिलाने के लिए किसान नेताओं ने बिजली कंपनी के अधिकारियों से चर्चा की उसके बाद भी बिजली की किल्लत बनी हुई है। किसान लीलाधर राजूपत ने कहा कि इस समय किसानों को पर्याप्त बिजली की आवश्यकता है इसी दौरान बार बार अघोषित कटौती करते हुए किसानों को परेशान किया जा रहा है। दूसरी ओर इसी तरह कुछ समय के लिए शहरी क्षेत्र में भी अघोषित कटौती हो रही है। बुधवार को तीन बजे अचानक बिजली गुल हुई हालाकि कुछ ही देर में बिजली सुचारू भी हो गई। इस तरह की अघोषित कटौती कभी भी होने लगती है। जिससे लोगों को असुविधा होती है।







