नेहरू पार्क आदमगढ़ की पहाड़िया पर दिन भर लगा रहा तांता,बच्चे और महिलाओं में रही उमंग

Join Us

नर्मदापुरम। नव वर्ष के मौके पर पिकनिक स्पाटों पर दिन भर तांता लगा रहा। बच्चाें के साथ परिजन शहर से दूर स्थित पिकनिक स्पाट की ओर रवाना हो रहे थे। शहर के बीचों-बीच स्थित नेहरु पार्क में पूरे दिन हुजुम लगा रहा। नेहरू पार्क शहर के पास होने से यहां पर सबसे ज्यादा लोग सपरिवार आए। हर वर्ष की तरह यहां सुबह से ही लोग पार्क में जाने के लिए पहुंच गए। नया वर्ष पिकनिक स्पाट पर मनाने के लिए निकले लोगों में से कोई खर्राघाट तो कोई आदमगढ़ की पहाड़िया पर भी पहुंचे।

बच्चों में विशेष उत्साह रहा

नया वर्ष मनाने के प्रति बच्चों में विशेष उत्साह रहता है। इसी कारण उनकी मां भी साथ में पहुंची। युवा वर्ग भी कहां मानने वाले थे। वह भी मौज मनाने के लिए पिकनिक स्पाट की ओर पहुंच रहे थे। प्रमुख स्थानों पर सुबह से शाम तक लोग आते जाते रहे।

घर की खाद्य सामग्री लेकर पहुंचे

पिकनिक स्पाट पर पूर्व में मेला जैसा लगता था इस बार भी अनेक खाद्य सामग्री की दुकाने लगी हुई थी। लेकिन ज्यादातर लोग बाहर की वस्तु खाने से बचते हुए अपने घर बनी हुई सामग्री लेकर ही पहुंचे थे। कुछ लोग बाहर की वस्तु भी खरीद रहे थे।

पहाड़िया वालों को हुई आय

पुरातत्व विभाग की आदमगढ़ की पहाड़िया के शैलाश्रय व शैलचित्र देखने वाले नागरिकों से टिकिट लेकर पहाडिया की गुफाओं का अवलोकन किया। पहाड़िया के प्रभारी ने बताया कि पुरातत्व विभाग को अन्य दिनों की तुलना में 10 गुना ज्यादा लाभ हुआ नव वर्ष के प्रथम दिन बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।

पर्यटन संबंधी व्यवस्थाएं बढ़ाई जाएं

पहाड़िया पर परिजन के साथ पहुंचे दिनेश कुमार तिवारी ने कहा कि आदमगढ़ में आदि मानव रहते थे। यह स्थान प्राचीन काल से आकर्षक है इसलिए इसे पर्यटन के रूप में विकसित किया जाना चाहिए। सेवानिवृत्त किशोर उमरे ने कहा कि शासन प्रशासन को इस क्षेत्र में विकास कराते हुए पर्यटन के लिए तैयार करना चाहिए।

अन्य स्थानों पर भी रही भीड़

नव वर्ष के उपलक्ष्य में आसपास के प्रमुख पिकनिक स्पाटों जिनमें हिंगलाज देवी मंदिर, खर्राघाट, बांद्राभान, भीलटदेव, के अलावा कई लोग देवी धाम सलकनपुर, तिलक सेंदुर, तवा नगर तो कुछ लोग पचमढ़ी तक पहुंचे हैं। कई लोग नर्मदा तट के घाटों पर भी पहुंचते रहे। खासकर बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह बना रहा।

Previous articleसुबह से दोपहर तक छाया रहा कोहरा
Next articleसीवरेज की पाईप लाइन के चेंबर के गड्ढे बन रहे परेशानी का कारण