रस्म-अदायगी भर

Join Us

कॉप प्रक्रिया कई वर्षों से रस्म-अदायगी भर बनती चली गई थी। अब रस्म निभाने की जरूरत भी ठुकरा दी गई है। नतीजतन, जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौती का मुकाबला करने का अब कोई वैश्विक संकल्प नहीं बचा है।
संयुक्त राष्ट्र जलवायु संधि से संबंधित पक्षों (कॉप) का सालाना सम्मेलन अपने 31वें मुकाम पर आ कर ढह गया। गुजरे 17 साल में पहला मौका है, जब कॉप सम्मेलन आम सहमति से बिना कोई घोषणापत्र जारी किए समाप्त हुआ। अंताल्या में हुए सम्मेलन में तुर्किये मेजबान और ऑस्ट्रेलिया वार्ता प्रमुख था। तुर्किये का तेल कारोबार और ऑस्ट्रेलिया का कोयला निर्यात में बड़ा स्वार्थ है। इसलिए दोनों ने पूरी ताकत इसमें झोंकी कि घोषणापत्र में जीवाश्म से अक्षय ऊर्जा की तरफ जाने के संकल्प को जगह ना मिले। यह खासकर, यूरोपीय और स्कैंडेनेवियन देशों को मंजूर नहीं हुआ। भारत, चीन और अन्य विकासशील देश पहले ही इससे अंसतुष्ट थे कि कॉप प्रक्रिया के तहत अतीत में ग्रीनहाउस गैसों के हुए उत्सर्जन की जिम्मेदारी का उल्लेख अब धनी देश घोषणापत्र में नहीं होने दे रहे हैं। फिर भी इन देशों ने विरोध दर्जा करा कर आगे बढऩे का नजरिया अपनाया। लेकिन फॉसिल फ्यूयल से ग्रीन एनर्जी की तरफ संक्रमण का मुद्दा आखिरी अवरोध बन गया।वैसे, तुर्किये के अंताल्या में जो हुआ, वह उसके पहले ही उभर चुकी वैश्विक परिघटना का परिणाम है। जलवायु संधि उस दौर की बात है, जब विश्व व्यवस्था के संचालन के केंद्र में अमेरिका था और वहां के शासक वर्ग ने दुनिया को नैतिक/ वैचारिक नेतृत्व देने का दायित्व भी स्वीकार किया था। डॉनल्ड ट्रंप का युग आते-आते पश्चिमी शासक वर्ग जलवायु संरक्षण जैसी पहल से पूंजी के मुनाफे पर लगने वाली सीमा की कीमत चुकाने से इनकार कर चुका है। अत: कॉप प्रक्रिया कई वर्षों से रस्म-अदायगी भर बनती चली गई थी। अंताल्या में रस्म निभाने की जरूरत भी ठुकरा दी गई है। इसका अर्थ है कि जलवायु परिवर्तन जैसी लगातार गंभीर होती जा रही वैश्विक चुनौती का मुकाबला करने का अब कोई वैश्विक संकल्प या आधिकारिक विमर्श नहीं बचा है। इसके बावजूद कि जलवायु परिवर्तन के परिणाम हर गुजरते वर्ष के साथ अधिक स्पष्ट होते जा रहे हैं।

Previous article‘विधेयक का समर्थन करने के अलावा कोई विकल्प नहीं’, इंडिया ब्लॉक के नेताओं से बातचीत के बाद स्टालिन का बयान
Next articleआज का राशिफल