नई दिल्ली (आरएनएस)। महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े संशोधित विधेयक को संसद के विशेष सत्र में फिर पेश करने से पहले केंद्र सरकार ने इसके पारित होने को लेकर भरोसा जताया है। सरकार का दावा है कि उसके पास विधेयक के समर्थन में 370 सांसदों के वोट हैं, जो आवश्यक दो-तिहाई बहुमत से अधिक हैं। 131वें संविधान संशोधन से जुड़े विधेयक के लोकसभा में आठ महीने पहले विफल होने के बाद केंद्र सरकार सोमवार से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में संशोधित प्रस्ताव लेकर आ रही है। सरकार इस बार विधेयक को निर्णायक समर्थन के साथ पारित कराने को लेकर आश्वस्त है। सरकार के एक वरिष्ठ सूत्र ने आईएएनएस से कहा, हम पूरी तरह तैयार हैं। विधेयक पारित कराने के लिए हमारे पास पर्याप्त संख्या है। कुल 370 वोट हमारे पास हैं, जो दो-तिहाई बहुमत से काफी अधिक हैं। हालांकि, सूत्र ने इस संबंध में अधिक जानकारी साझा करने से इनकार किया।सरकार का यह दावा ऐसे समय में आया है, जब विपक्षी दल विधेयक के खिलाफ लामबंद हो रहे हैं और इसे चुनौतीपूर्ण बनाने की तैयारी में हैं। कांग्रेस, आम आदमी पार्टी सहित कई दलों ने अपने सांसदों को व्हिप जारी कर अगले दो दिनों तक सदन में उपस्थित रहने का निर्देश दिया है।
संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत आवश्यक है। लोकसभा की वर्तमान प्रभावी संख्या 540 होने के आधार पर दो-तिहाई बहुमत के लिए 360 वोटों की जरूरत है। भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए को पहले से 290 से अधिक सांसदों का समर्थन प्राप्त है और वह अन्य गैर-गठबंधन तथा तटस्थ दलों के समर्थन पर भी भरोसा कर रहा है।
डीएमके के 22 सांसदों, वाईएसआरसीपी के चार सांसदों और बीआरएस के एक सांसद के प्रस्ताव के समर्थन में आने की संभावना जताई जा रही है। इस बीच, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने महिला आरक्षण को लागू करने के प्रति नरेंद्र मोदी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
केंद्रीय मंत्री ने सोशल मीडिया पर कहा, नारी शक्ति वंदन अधिनियम विकसित भारत के विजन को पूरा करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
उन्होंने कहा कि प्रस्तावित परिसीमन का उद्देश्य सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में लोकसभा सीटों की कुल संख्या को समान अनुपात में 50 प्रतिशत बढ़ाना और उनके मौजूदा हिस्से को बनाए रखना है। उन्होंने यह भी कहा कि विधेयक के प्रावधानों के अनुसार प्रत्येक राज्य और केंद्र शासित प्रदेश की सीटों की अंतिम संख्या परिसीमन आयोग तय करेगा।








