गंगासागर तक पहुंचेगी रेल, काकद्वीप से बनेगी 34 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन

Join Us

कोलकाता (आरएनएन)। भारतीय रेलवे ने पश्चिम बंगाल में काकद्वीप और गंगासागर के बीच नई रेल लाइन बिछाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। रेलवे ने इस परियोजना के लिए अंतिम स्थान सर्वेक्षण (एफएलएस) को मंजूरी दे दी है। करीब 34 किलोमीटर लंबी इस रेल लाइन के निर्माण से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध तीर्थस्थल गंगासागर तक रेल संपर्क स्थापित करने का रास्ता साफ होगा। परियोजना में हुगली नदी पर लगभग 4.5 किलोमीटर लंबा विशाल रेलवे पुल भी बनाया जाएगा। इसके पूरा होने पर यह देश के सबसे लंबे रेलवे पुलों में से एक होगा।केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इस नई रेल लाइन से गंगासागर तक पहुंचना काफी आसान हो जाएगा। इससे तीर्थयात्रियों, स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। परियोजना से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और विकास के नए अवसर पैदा होंगे।

ऋषिकेश से गंगासागर तक धार्मिक स्थलों की रेल कनेक्टिविटी पर जोर
भारतीय रेलवे गंगा नदी के उद्गम क्षेत्र उत्तराखंड से लेकर पश्चिम बंगाल के डेल्टा क्षेत्र तक महत्वपूर्ण धार्मिक और पर्यटन स्थलों को रेल संपर्क से जोडऩे की दिशा में काम कर रहा है। इसी कड़ी में उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र में 125 किलोमीटर लंबी ऋषिकेश-कर्णप्रयाग नई रेल लाइन का निर्माण जारी है। यह रेल मार्ग रुद्रप्रयाग जिले से होकर गुजरेगा और ऋषिकेश को देवप्रयाग तथा कर्णप्रयाग जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों से जोड़ेगा।
इसी क्रम में पश्चिम बंगाल में काकद्वीप-गंगासागर रेल परियोजना के पूरा होने से सागर द्वीप तक रेल संपर्क का विस्तार होगा। इससे देश के प्रमुख तीर्थस्थलों में शामिल गंगासागर तक श्रद्धालुओं की पहुंच आसान हो सकेगी।
मकर संक्रांति पर उमड़ते हैं लाखों श्रद्धालु
पश्चिम बंगाल के सागर द्वीप पर स्थित गंगासागर धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। यहां सागर संगम में गंगा नदी बंगाल की खाड़ी से मिलती है। धार्मिक और सांस्कृतिक मान्यताओं के कारण यह स्थल देशभर के श्रद्धालुओं को आकर्षित करता है।
विशेष रूप से प्रत्येक वर्ष मकर संक्रांति के अवसर पर यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। श्रद्धालु सागर संगम में पवित्र स्नान करने के साथ कपिल मुनि मंदिर में पूजा-अर्चना करते हैं। इस दौरान देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है।
अभी नौका से पार करनी पड़ती है मुरीगंगा नदी
वर्तमान में मुख्य भूमि से गंगासागर पहुंचने के लिए यात्रियों को मुरीगंगा नदी नौका के माध्यम से पार करनी पड़ती है। इसके बाद उन्हें सडक़ मार्ग से आगे की यात्रा करनी होती है। इस कारण विशेष रूप से मकर संक्रांति के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
नई रेल लाइन के निर्माण से सागर द्वीप की मुख्य भूमि से संपर्क व्यवस्था बेहतर होगी। इससे यात्रियों का आवागमन सुविधाजनक होने के साथ पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा। साथ ही स्थानीय व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है। रेलवे की यह परियोजना गंगासागर को देश के प्रमुख रेल नेटवर्क से जोडऩे की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
००

Previous articleझारखंड के रामगढ़ में रजरप्पा मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं की स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त, चार बच्चों समेत 13 लोगों की मौत
Next articleशरद पवार पर टिप्पणी के बाद कांग्रेस नेता का यू-टर्न, बोले- चरणों में सिर रखकर माफी मांगूंगा