छोटा शकील और दाऊद गैंग से जुड़े गैंगस्टर नसीम दुर्रानी का एनकाउंटर, पुलिस पर फायरिंग के बाद ढेर

Join Us

बुलंदशहर ,(आरएनएस)। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में नोएडा एसटीएफ और दिल्ली पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में कुख्यात गैंगस्टर नसीम दुर्रानी मारा गया। दाऊद इब्राहिम की कंपनी से जुड़े नसीम के अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा शकील से भी संबंध बताए जाते थे। साल 2016-17 में छोटा शकील ने उसे दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद छोटा राजन की सुपारी दी थी। नसीम दिल्ली में हत्या के एक मामले में वांटेड था। इसके अलावा 16 नवंबर को दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा के दफ्तर के बाहर हुई फायरिंग और हत्या के मामले में भी पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। बीती रात बुलंदशहर में पुलिस मुठभेड़ के दौरान उसे मार गिराया गया।जानकारी के अनुसार, नसीम ने कपिल मिश्रा के दफ्तर के बाहर 15 से 20 गोलियां चलाकर समीर नामक व्यक्ति की हत्या की थी। उसके खिलाफ हत्या, हत्या की साजिश, रंगदारी, लूटपाट, डकैती और अवैध हथियारों समेत कई मामलों में 25 से अधिक आपराधिक केस दर्ज थे। बीती रात पुलिस को मुखबिर से सिकंदरा बाईपास पर उसकी मौजूदगी की सूचना मिली थी। यहां पुलिस टीम को नसीम स्कूटी पर जाता दिखाई दिया। पीछा कर रही पुलिस को देखकर उसने तेज रफ्तार से स्कूटी भगाने की कोशिश की, लेकिन स्कूटी फिसलने से वह गिर गया। इसके बाद नसीम ने 32 बोर की दो पिस्टल से पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस की कई गोलियां नसीम को लगीं। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके से दोनों पिस्टल बरामद कर ली हैं। नसीम दुर्रानी उर्फ रिजवान मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर का रहने वाला था। दिल्ली पुलिस ने उसकी जानकारी देने वाले के लिए 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। 37 वर्षीय नसीम वर्तमान में न्यू मुस्तफाबाद के राजीव गांधी नगर में रहता था। वह आदतन बेहद खतरनाक अपराधी था और दिल्ली के उत्तर-पूर्वी इलाके में सक्रिय रहकर लगातार वारदातों को अंजाम देता था।
गोकुलपुरी थाने में उसके खिलाफ एफआईआर नंबर 173/2014 दर्ज थी। इसमें उस पर पुलिस हिरासत से एक आरोपी को भगाने में मदद करने और पुलिसकर्मियों पर पत्थरों व ईंटों से हमला करने के आरोप थे। गोकुलपुरी थाने में ही उसके खिलाफ एफआईआर नंबर 289/2010 हत्या के मामले में दर्ज थी। इसके अलावा खजूरी खास, जाफराबाद, दयालपुर और अन्य थानों में भी उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट और कई अन्य अपराधों के मामले दर्ज थे।
नसीम ने अपने इंस्टाग्राम प्रोफाइल के बायो में भी आपराधिक छवि प्रदर्शित कर रखी थी। इसमें उसने अपना नाम ‘बदनाम’, पता ‘तिहाड़ जेल’, उम्र ‘जीने की’ और काम ‘मारने का’ लिखा हुआ था।

Previous articleनशे में धुत हेड कॉन्स्टेबल ने 12 साल की बच्ची को कार से कुचला, टायरों के बीच में फंसी मासूम
Next articleदेवउठनी एकादशी पर बाबा महाकाल का भव्य शृंगार, दर्शन होते ही जयघोष से गूंज उठा मंदिर परिसर