नशे में धुत हेड कॉन्स्टेबल ने 12 साल की बच्ची को कार से कुचला, टायरों के बीच में फंसी मासूम

Join Us

अमृतसर(आरएनएस)। सुल्तानविंड रोड पर शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में नशे में धुत पुलिस हवलदार की कार ने स्कूल से घर लौट रही 12 वर्षीय बच्ची को कुचल दिया। टक्कर के बाद बच्ची कार के नीचे फंस गई। मौके पर मौजूद लोगों ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला। हादसे के बाद लोगों ने कार चालक को घेरकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपित की पहचान पुलिस हवलदार अमृतपाल सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कार कब्जे में ले ली है।
प्रत्यक्षदर्शियों और अंबेडकर समाज दल के यूथ प्रेसिडेंट राहुल सोरी ने आरोप लगाया कि हादसे के समय हवलदार नशे की हालत में था। वह ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था और उसे उल्टियां हो रही थीं। स्थानीय लोगों ने कार की तलाशी ली तो उसमें से शराब की बोतल, सिगरेट और लाइटर बरामद हुए। राहुल सोरी ने कहा कि आम लोगों को यातायात नियमों का पालन करवाने वाले पुलिसकर्मी का खुद नशे में वाहन चलाना बेहद गंभीर मामला है।
अंबेडकर समाज दल के पंजाब चेयरमैन विक्की के अनुसार, बच्ची को टक्कर मारने के बाद हवलदार ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन लोगों ने कार को घेरकर उसे रोक लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। स्थानीय लोगों ने मांग की कि मामले में कोई नरमी न बरती जाए और आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
अनाथ बच्ची के इलाज का खर्च उठाने की मांग
घायल बच्ची की देखभाल कर रही उसकी बुआ प्रीति ने बताया कि बच्ची के माता-पिता और दादा-दादी का पहले ही निधन हो चुका है। वह उसे अपनी बेटी की तरह पाल रही हैं। परिवार किराये के मकान में रहता है और परिवार के सदस्य दिव्यांग हैं। ऐसे में बच्ची के इलाज का खर्च उठाना उनके लिए मुश्किल है। उन्होंने प्रशासन से बच्ची का उपचार निशुल्क करवाने और आरोपी हवलदार को तत्काल निलंबित करने की मांग की। अंबेडकर समाज दल ने भी पीडि़त परिवार को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया है।
मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने पर सुल्तानविंड चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी हवलदार को हिरासत में लेकर उसकी कार कब्जे में ले ली। पुलिस के अनुसार, घायल बच्ची का मेडिकल परीक्षण करवाया जा रहा है। आरोपी हवलदार का भी मेडिकल करवाया जा रहा है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Previous articleजनसंख्या नियंत्रण कानून बने, दो से अधिक बच्चों वालों को न मिले कोई सरकारी लाभ : बाबा रामदेव
Next articleछोटा शकील और दाऊद गैंग से जुड़े गैंगस्टर नसीम दुर्रानी का एनकाउंटर, पुलिस पर फायरिंग के बाद ढेर