मंडी(आरएनएस)। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में बुधवार को एक दर्दनाक सडक़ हादसे ने छह परिवारों की खुशियां छीन लीं। लडभड़ोल बाजार में पेट्रोल पंप के पास एक कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 200 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयानक था कि कार में सवार सभी छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की उम्र 18 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है। सभी आसपास के गांवों के निवासी थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और देखते ही देखते सडक़ से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। ऊंचाई से गिरने के कारण गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। लोगों ने बिना देर किए बचाव अभियान शुरू कर दिया और खाई में उतरकर कार तक पहुंचने की कोशिश की।हादसे की सूचना मिलने पर लडभड़ोल पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद खाई में फंसे सभी छह लोगों को बाहर निकाला।
हालांकि, तब तक सभी की मौत हो चुकी थी। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
छह परिवारों में पसरा मातम, गांवों में शोक की लहर
इस हादसे ने लडभड़ोल और आसपास के गांवों को गहरे सदमे में डाल दिया है। एक साथ छह युवाओं की मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। किसी ने अपना बेटा खोया तो किसी के घर का चिराग हमेशा के लिए बुझ गया। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कार अनियंत्रित कैसे हुई। हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।








