वोटर लिस्ट पर अखिलेश का भाजपा को अल्टीमेटम, बोले- बेईमानी का सबूत मिला तो होगी एफआईआर

Join Us

लखनऊ (आरएनएस) समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) को लेकर भाजपा और प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी और फर्जी वोट जुड़वाने की आशंका जताते हुए चेतावनी दी कि फॉर्म-6 के जरिए नाम जोडऩे की प्रक्रिया में किसी तरह की बेईमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अखिलेश ने कहा कि यदि किसी अधिकारी की मिलीभगत से गलत तरीके से वोट जोड़े गए तो समाजवादी पार्टी ऐसे अधिकारियों के खिलाफ सबूतों के साथ एफआईआर दर्ज कराएगी और उन्हें सजा दिलाने के लिए कानूनी लड़ाई लड़ेगी। सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में सपा प्रमुख ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए 1.27 करोड़ हिंदुओं के वोट कटने के आंकड़े को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि क्या यह आंकड़ा सूचना विभाग में तैयार किया गया है? अखिलेश ने मुख्यमंत्री को सलाह दी कि वे ऐसी बातें कहने से बचें, जिनसे जनता के बीच उनका उपहास हो। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पर जनता का जो थोड़ा-बहुत विश्वास बचा है, वह भी ऐसे बयानों से खत्म हो सकता है। सपा प्रमुख ने भाजपा नेताओं को मिथ्या-आंकड़ाजीवी बताते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में चुनावी हार की आशंका के बीच मतदाता सूची में हेरफेर की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और उसके सहयोगी एएसडीडी (अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत या दोहरे) श्रेणी के नामों का इस्तेमाल कर फर्जी वोट जोडऩे की साजिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने बूथ स्तर से लेकर निर्वाचन आयोग तक इस प्रक्रिया पर निगरानी रखने की व्यवस्था की है। पार्टी के बूथ प्रभारी, पीडीए प्रहरी, घोषित और संभावित प्रत्याशी तथा जिला, विधानसभा और प्रदेश स्तर के पदाधिकारी मतदाता सूची में जुडऩे वाले नए नामों पर नजर रखेंगे।
सपा प्रमुख ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे अपने आसपास मतदाता सूची में जुडऩे वाले नए नामों की जांच करें। उन्होंने चेतावनी दी कि एक-एक वोट का हिसाब मांगा जाएगा और किसी भी स्तर पर गड़बड़ी का सबूत मिलने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अधिकारियों पर दबाव डालकर गैरकानूनी तरीके से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की कोशिश कर रही है।
अखिलेश ने कहा कि इस कथित साजिश में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। दोषी अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के साथ उनकी बर्खास्तगी, पेंशन और अन्य सरकारी लाभ रोकने तथा सजा दिलाने की मांग की जाएगी।

 

Previous articleतंत्र-मंत्र के नाम पर बुजुर्ग दंपती से ठग लिए 6.38 करोड़ रुपये, डायन-श्राप और बुरी आत्माओं का दिखाया डर
Next article27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण-सुप्रीम कोर्ट ने जारी किया एसएलपी नंबर,ओबीसी महासभा ने सरकार से की पूरी मजबूती से पैरवी की अपील