मुंबई (आरएनएस)। महाराष्ट्र के मुंबई से अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। दहिसर इलाके में रहने वाले एक सेवानिवृत्त बुजुर्ग दंपती को डायन, श्राप और बुरी आत्माओं का डर दिखाकर आरोपियों ने करीब 10 साल तक अपने जाल में फंसाए रखा। इस दौरान उनसे चार फ्लैट, 1,200 ग्राम सोना, करोड़ों रुपये के शेयर और नकदी समेत कुल 6.38 करोड़ रुपये की संपत्ति ठग ली गई।
दहिसर पुलिस ने 13 नवंबर 2026 को पीडि़ता परसिस दारा मेहता की शिकायत पर मुख्य आरोपी उमेश देशपांडे समेत 10 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और ठगी की रकम से खरीदी गई संपत्तियों की जांच कर रही है।
पति की बीमारी का फायदा उठाकर शुरू की ठगी
पुलिस के मुताबिक, धोखाधड़ी का सिलसिला दिसंबर 2016 में शुरू हुआ था। दहिसर पूर्व की गायत्री सोसाइटी में रहने वाली परसिस मेहता की मुलाकात पड़ोसी मेघना इनामदार के जरिए पनवेल की रमाबाई साने और उसके सहयोगी उमेश देशपांडे से हुई थी।
उस समय परसिस के पति दारा मेहता को तीन बार लकवे का अटैक पड़ चुका था। आरोपियों ने इसका फायदा उठाते हुए दंपती को बताया कि उनके घर में वास्तुदोष और जादू-टोने का साया है।
पूजा-पाठ से समस्या दूर करने का भरोसा देकर उन्होंने शुरुआत में 40 ग्राम सोने की चेन और 3.85 लाख रुपये ले लिए।
फर्जी गुरुवर्य बनकर बदलते थे आवाज
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने ठगी के लिए कई काल्पनिक किरदार तैयार किए थे। मुख्य आरोपी उमेश देशपांडे आवाज बदलकर खुद को हैदराबाद के एक मठ का 108 वर्षीय गुरुवर्य बताता था।
वहीं, अश्विनी गायकवाड खुद को स्नेहलता दीक्षित उर्फ बाईसाहेब और वृषाली गायकवाड रमाबाई साने बताकर दंपती से बातचीत करती थीं।
आरोपियों ने विश्वास जीतने के लिए रमाबाई की हत्या और बाईसाहेब के कामशेत में समाधि लेने जैसी मनगढ़ंत कहानियां भी सुनाईं। इसके बाद दंपती को बताया गया कि अब उन्हें गुरुवर्य के निर्देशों का पालन करना होगा।
भस्म और सिंदूर खिलाकर दिखाया बुरी शक्तियों का डर
आरोप है कि गिरोह ने दंपती के घर में अघोरी पूजा की। वहां काली गुडिय़ा रखी गई और उन्हें नेपाल के एक साधु की भस्म तथा सिंदूर खाने के लिए दिया गया।
आरोपियों ने दावा किया कि दंपती की संपत्ति पर डायन और बुरी आत्माओं का प्रभाव है। उन्होंने डराया कि अगर उनकी बात नहीं मानी गई तो दारा मेहता और उनके दोनों बेटों की जान जा सकती है।
इसी डर का फायदा उठाकर आरोपियों ने संपत्ति को शुद्ध करने के नाम पर दंपती को दहिसर और बोरीवली स्थित अपने चारों फ्लैट बेचने के लिए मजबूर किया। इन फ्लैटों की बिक्री से मिले करीब 3.02 करोड़ रुपये आरोपियों ने हड़प लिए।
शेयर, बैंक जमा और कर्ज के जरिए भी वसूले पैसे
पुलिस शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने दंपती से करीब 1.60 करोड़ रुपये के शेयर भी बिकवा दिए। इसके अलावा बैंक और पोस्ट ऑफिस में जमा लगभग 45 लाख रुपये भी निकलवा लिए गए। यहां तक कि घर का फर्नीचर भी आरोपियों ने अपने कब्जे में ले लिया।
मठ के निर्माण के नाम पर दंपती को एक सूदखोर से 8 प्रतिशत मासिक ब्याज पर 45 लाख रुपये का कर्ज लेने के लिए मजबूर किया गया। शिकायत में कहा गया है कि इस कर्ज को चुकाने में दंपती के करीब 90 लाख रुपये खर्च हो गए।
पड़ोसी की मदद से सामने आया पूरा मामला
इस धोखाधड़ी का खुलासा जून 2025 में हुआ। आर्थिक रूप से पूरी तरह टूट चुके बुजुर्ग दंपती हैदराबाद जाने के लिए अपने पड़ोसी रवींद्र किणी से 24 हजार रुपये उधार मांगने पहुंचे थे।
दंपती की खराब आर्थिक हालत देखकर पड़ोसी को शक हुआ। इसके बाद उसने मामले की जानकारी जुटाई और पूरी घटना सामने आई।
ठगी के पैसों से खरीदे कई फ्लैट
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने ठगी से हासिल रकम का इस्तेमाल गोरेगांव के नागरी निवारा परिषद इलाके में कई फ्लैट खरीदने के लिए किया। मुख्य आरोपी उमेश देशपांडे को दिंडोशी पुलिस पहले ही एक अन्य मामले में गिरफ्तार कर चुकी है।
फिलहाल दहिसर पुलिस इस मामले में शामिल बाकी आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि बुजुर्ग दंपती से ठगी गई रकम कहां-कहां निवेश की गई और उससे खरीदी गई संपत्तियों का मालिक कौन है।








