गुवाहाटी (आरएनएस)। असम के विश्व प्रसिद्ध काजीरंगा नेशनल पार्क के समीप शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाला सडक़ हादसा हो गया। यहां राष्ट्रीय राजमार्ग-715 (हृ॥-715) पर एक यात्री मिनी बस और सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक के बीच आमने-सामने की इतनी जबरदस्त टक्कर हुई कि मौके पर ही चीख-पुकार मच गई। इस भीषण दुर्घटना में अब तक कम से कम 23 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस और प्रशासन ने आशंका जताई है कि घायलों की नाजुक स्थिति को देखते हुए मृतकों का आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है।
तेज रफ्तार और गति सीमा के उल्लंघन के कारण बेकाबू हुई मिनी बस
गोलाघाट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) स्वप्ननील डेका ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि यह हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-715 पर कोहोरा रेंज के अंतर्गत हाथीकुली टी एस्टेट के पास रंगाजन इलाके में हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यात्री मिनी बस काफी तेज रफ्तार में चल रही थी और राष्ट्रीय उद्यान के आसपास लागू गति संबंधी प्रतिबंधों (स्पीड लिमिट) का खुलेआम उल्लंघन कर रही थी। आशंका है कि अत्यधिक गति के कारण चालक वाहन से अपना नियंत्रण खो बैठा और बस सीधे सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भयानक थी कि बस के परखच्चे उड़ गए। हादसे के तुरंत बाद पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त बस के भीतर से शवों तथा घायलों को बाहर निकाला। हालांकि, बस में कुल कितने यात्री सवार थे, इसकी अभी तक स्पष्ट पुष्टि नहीं हो पाई है।
मंत्री अतुल बोरा ने संभाला मोर्चा, गंभीर घायल जोरहाट मेडिकल कॉलेज रेफर
दुर्घटना की सूचना मिलते ही असम के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री तथा स्थानीय विधायक अतुल बोरा तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और स्वयं राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी शुरू की। गोलाघाट के जिला आयुक्त (डिस्ट्रिक्ट कमिश्नर) बिस्वजीत फुकन ने बताया कि हादसे में घायल हुए लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी कोहोरा मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि जिन यात्रियों की हालत अत्यंत गंभीर है, उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए जोरहाट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया है।
सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने जताया गहरा दुख, दिए बेहतर इलाज के निर्देश
इस हृदयविदारक दुर्घटना पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संदेश जारी करते हुए कहा कि काजीरंगा में हुई इस दुखद घटना ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि दुख की इस घड़ी में पूरा असम पीडि़त परिवारों के साथ खड़ा है।
\ उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि घायलों को बिना किसी देरी के सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
मध्य प्रदेश के सागर में भी भीषण हादसा: नर्मदा स्नान करने जा रहे श्रद्धालुओं की एसयूवी ट्रक से टकराई, 4 की मौत
दूसरी ओर, मध्य प्रदेश के सागर जिले में भी शुक्रवार को एक दर्दनाक सडक़ हादसा सामने आया। यहां नेशनल हाईवे-44 पर देवरी थाना क्षेत्र के गोपालपुरा के पास एक तेज रफ्तार ट्रक और एसयूवी कार की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में एसयूवी सवार 4 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि 5 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि सभी पीडि़त भैंसा गांव के निवासी थे और अमावस्या के अवसर पर नर्मदा स्नान करने के लिए बर्मन जा रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि एसयूवी बुरी तरह पिचक गई और उसमें फंसे घायलों व शवों को बाहर निकालने के लिए बचाव टीम को गाड़ी काटनी पड़ी।
–








