विंग कमांडर बना देश का दुश्मन, न्यूड तस्वीरों के लालच में पाकिस्तान को लीक कर दी वायुसेना की खुफिया जानकारी

Join Us

नई दिल्ली,(आरएनएस)। भारतीय वायुसेना के एक विंग कमांडर पर पाकिस्तानी खुफिया एजेंट को देश की बेहद संवेदनशील सैन्य जानकारियां उपलब्ध कराने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस ने इस मामले में दिल्ली की अदालत में चार्जशीट दाखिल की है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, अधिकारी कथित तौर पर पाकिस्तानी एजेंट के संपर्क में था और निजी तस्वीरों के बदले भारतीय वायुसेना से जुड़ी गोपनीय जानकारियां साझा कर रहा था। उसे करीब पांच महीने पहले गिरफ्तार किया गया था।पुलिस की चार्जशीट में दावा किया गया है कि विंग कमांडर ने पाकिस्तानी एजेंट के साथ युद्ध की योजनाओं से जुड़े दस्तावेज, ड्रोन की क्षमताओं, सैन्य ठिकानों पर तैनाती, अग्रिम मोर्चे पर लड़ाकू विमानों की आवाजाही और संवेदनशील सैन्य प्रतिष्ठानों के भौगोलिक निर्देशांक साझा किए थे। जांचकर्ताओं के अनुसार, इस तरह की जानकारी दुश्मन देश के हाथ लगने से भारतीय सेना की रणनीतिक तैयारियों और ऑपरेशनल क्षमताओं को नुकसान पहुंच सकता था।पुलिस के अनुसार, आरोपी अधिकारी 12 जनवरी से 1 अप्रैल के बीच व्हाट्सऐप के माध्यम से संदिग्ध पाकिस्तानी एजेंट के संपर्क में था। चार्जशीट में दावा किया गया है कि एक निजी तस्वीर मिलने के बाद अधिकारी ने गोपनीय युद्ध योजना से संबंधित एक पन्ना अपलोड कर दिया। इतना ही नहीं, उसने कथित तौर पर कहा कि प्रत्येक ऐसी तस्वीर के बदले वह युद्ध योजना का एक नया पन्ना साझा करेगा।
जांच में यह भी सामने आया कि अधिकारी को कार्यालय में स्मार्टफोन ले जाने के दौरान रोका गया था और उसके डिवाइस की जांच की गई थी। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच आगे बढ़ाई गई।
मैलवेयर एप के जरिए भी सूचनाएं जुटाने का दावा
पुलिस ने चार्जशीट में आरोप लगाया है कि पाकिस्तानी एजेंट ने अधिकारी को कुछ संदिग्ध मैलवेयर एप्लिकेशन भेजे थे। इनके माध्यम से उसके मोबाइल फोन में मौजूद संवेदनशील जानकारियों तक पहुंच बनाई जा सकती थी। जांच एजेंसियों को आशंका है कि इन एप्लिकेशन के जरिए वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के साथ हुई बातचीत और अन्य गोपनीय सूचनाएं भी हासिल की जा सकती थीं।
चार्जशीट में दावा किया गया है कि आरोपी ने लेह में लड़ाकू विमानों की तैनाती और राजस्थान के सूरतगढ़ स्थित महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में आयोजित सैन्य अभ्यास से संबंधित जानकारियां भी साझा की थीं। इसके अलावा, एक गोपनीय ड्रोन यूनिट की संरचना, उसकी परिचालन क्षमता और युद्ध की स्थिति में उसकी तैनाती से जुड़ी सूचनाएं भी लीक किए जाने का आरोप है।
व्हाट्सऐप पर हजारों संदेशों का आदान-प्रदान
पुलिस ने डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण के आधार पर अधिकारी और संदिग्ध पाकिस्तानी एजेंट के बीच हुई बातचीत का विस्तृत ब्योरा भी चार्जशीट में शामिल किया है। व्हाट्सऐप डेटा की जांच में दोनों के बीच कुल 3,008 टेक्स्ट संदेशों, 65 तस्वीरों, 65 रिएक्शन, 42 वॉयस कॉल, 4 वीडियो कॉल और 6 यूआरएल का आदान-प्रदान सामने आने का दावा किया गया है।
पुलिस का कहना है कि यह मामला राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से बेहद गंभीर है। सैन्य तैनाती, लड़ाकू विमानों की गतिविधियों और युद्ध संबंधी योजनाओं की जानकारी लीक होने से देश की रक्षा तैयारियों को खतरा पैदा हो सकता था। फिलहाल मामले में पुलिस की ओर से दाखिल चार्जशीट में लगाए गए आरोपों पर अदालत में कानूनी प्रक्रिया जारी रहेगी।
00

 

Previous articleराहुल गांधी के फोन टैपिंग के आरोप को भाजपा ने बताया बेबुनियाद, कांग्रेस ने बताया शर्मनाक
Next articleऑपरेशन सिंदूर’ के बाद बढ़ी ब्रह्मोस की डिमांड, दक्षिण-पूर्व एशिया के कई देशों के साथ अंतिम चरण में डील