मुंबई (आरएनएस)। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में शुक्रवार को उस समय हडक़ंप मच गया, जब बॉम्बे हाई कोर्ट, महालक्ष्मी रेसकोर्स और बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के बंगले जलसा को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिला। धमकी की सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। तीनों स्थानों पर तत्काल तलाशी अभियान चलाया गया। हालांकि, जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। पुलिस अब धमकी भरा ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, धमकी मिलने के बाद संबंधित स्थानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई और बम निरोधक दस्ते सहित पुलिस की विशेष टीमों ने सघन जांच की। तलाशी अभियान के दौरान किसी भी स्थान से संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। फिलहाल पुलिस ई-मेल के स्रोत और उसे भेजने वाले व्यक्ति का पता लगाने के लिए तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है।
धमकी भरे ई-मेल में अमिताभ बच्चन के बंगले जलसा, बॉम्बे हाई कोर्ट, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज और वर्ली रेसकोर्स को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई थी। इसके बाद मुंबई में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। पुलिस सभी संभावित स्थानों पर सतर्कता बरत रही है।
अमिताभ बच्चन को निशाना बनाकर धमकी दिए जाने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले 22 अक्टूबर को मुंबई के एक स्कूल को भेजे गए धमकी भरे ई-मेल में भी महानायक का नाम शामिल था। हालांकि, उस मामले में भी सुरक्षा एजेंसियों की जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु मिलने की सूचना नहीं थी।
इससे पहले सोमवार, 2 नवंबर को महाराष्ट्र की कई जिला एवं सत्र अदालतों को भी बम धमाके की धमकी भरे ई-मेल मिले थे। सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्तों ने संबंधित अदालत परिसरों में तलाशी अभियान चलाया था। गहन जांच के बावजूद वहां भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी।
लगातार मिल रही धमकियों ने महाराष्ट्र में सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस इन सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए ई-मेल भेजने वालों की पहचान और धमकियों के पीछे की मंशा का पता लगाने में जुटी है।








