हैदराबाद, (आरएनएस) । पुलिस ने नकली नोट छापने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर चार लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 500 रुपये के 6.78 करोड़ रुपये के जाली नोट और नोट छापने के उपकरण बरामद हुए हैं। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में फ्यूचर सिटी पुलिस ने नकली भारतीय करेंसी छापने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 500 रुपये के जाली नोट बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत 6.78 करोड़ रुपये बताई गई है। मौके से नकली नोट छापने और तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले प्रिंटर, लैपटॉप, करेंसी कटिंग मशीन सहित अन्य उपकरण भी जब्त किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मदुपोजू कर्नाकर, चिननोला माणिक्य रेड्डी, चेरुकुपेल्ली रत्नाकर रेड्डी और करनम अजय कुमार के रूप में हुई है।फ्यूचर सिटी के पुलिस आयुक्त डॉ. तरुण जोशी ने बताया कि रविवार को अब्दुल्लापुरमेट पुलिस और शादनगर स्पेशल ऑपरेशंस टीम (एसओटी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-65 पर रामोजी फिल्म सिटी के पास एक कार को रोककर आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी शहर के बाहरी इलाके कुंटलूर में एक किराये के मकान से नकली नोट छापने का काम कर रहे थे। यहां बाकायदा प्रिंटिंग यूनिट संचालित की जा रही थी, जहां 500 रुपये के जाली नोट तैयार किए जाते थे।








